थाने में लात घूंसे चलाने वाले एस आई और सिपाहियों पर DGP का एक्शन,जिले के बाहर ट्रांसफर किया

पुलिस महकमे को शर्मसार कर देने वाली इस घटना की गूंज पुलिस मुख्यालय तक पहुंच गई और फिर आज पुलिस महानिदेशक ने तीनों पर कड़ा एक्शन लेते हुए उनका ग्वालियर जिले के बाहर तबादला कर दिया है ।
PHQ Bhopal

DGP action : पुलिस थाने में लात घूंसे और जूतम पैजार कर ग्वालियर पुलिस को शर्मसार करने वाले सब इंस्पेक्टर अतर सिंह कुशवाह और आरक्षक पुष्पेन्द्र सिंह लोधी एवं आरक्षक रामकिशोर यादव पर पुलिस महानिदेशक ने बड़ा एक्शन लिया है, DGP ने तीनों का ग्वालियर जिले की सीमा से बाहर तबादला कर दिया है, तबादला आदेश के बाद ग्वालियर पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने एस आई कुशवाह और दोनों आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया है।

गिनती के समय थाने चले लात घूंसे 

ग्वालियर पुलिस के लिए कल शुक्रवार का दिन शर्म का रहा, आमतौर पर सट्टे और जुए के संचालन में मिलीभगत के आरोप झेलने वाली पुलिस आपस में ही झगड़ पड़ी, दरअसल घटनाक्रम इंदरगंज थाने में उस समय हुआ जब सुबह एक समय थाने में स्टाफ की नियमित गिनती प्रक्रिया चल रही थी, इसी समय ऐसा कुछ हुआ कि सब इंस्पेक्टर अतर सिंह कुशवाह की सिपाही पुष्पेन्द्र सिंह लोधी और रामकिशोर यादव से तू तू मैं मैं हो गी और पल भर में ही लात घूंसे और जूतम पैजार होने लगी, कहा तो ये तक जा रहा है कि एस आई इतने नाराज हो गए कि उन्होंने मंदिर में रखा त्रिशूल उठाया और सिपाहियों की तरफ मारने दौड़े, स्टाफ में बीच बचाव कर मामला शांत कराया।

सट्टे का अड्डा बना पुलिसकर्मियों के बीच झगड़े की वजह 

जो खबर बाहर आई उसके मुताबिक एस आई अतर सिंह कुशवाह ने कहा कि उसकी बीट में शरद सटोरिये का अड्डा थाने के स्टाफ की मिलीभगत से चल रहा है,  अतर सिंह की इस बात का सिपाही पुष्पेन्द्र सिंह लोधी और रामकिशोर यादव ने विरोध किया तो वे उन दोनों से अभद्रता करने लगे और मामला मारपीट और त्रिशूल तक पहुंच गया।

एसपी ने CCTV फुटेज देखकर किया लाइन अटैच 

घटनाक्रम बाहर आते है एसपी ने तत्काल एडिशनल एसपी और सीएसपी को निर्देश दिए कि पूरा घटनाक्रम पता लगाये जाए, अधिकारियों के निर्देश पर टी आई ने थाने से सीसीटीवी फुटेज निकालकर एसपी के पास भेजे जिसके बाद एसपी ने तीनों को लाइन अटैच कर दिया और घटना की जाँच के आदेश दिए।

DGP के निर्देश पर जिले के बाहर हुआ तीनों का तबादला 

पुलिस महकमे को शर्मसार कर देने वाली इस घटना की गूंज पुलिस मुख्यालय तक पहुंच गई और फिर आज पुलिस महानिदेशक ने तीनों पर कड़ा एक्शन लेते हुए उनका ग्वालियर जिले के बाहर तबादला कर दिया है, पुलिस मुख्यालय के आदेश के मुताबिक  एस आई अतर सिंह यादव को सीधी जिले में, आरक्षक पुष्पेन्द्र सिंह लोधी को मऊगंज जिले में और आरक्षक रामकिशोर यादव  को बड़वानी जिले में भेजा गया है, मुख्यालय के आदेश के बाद ग्वालियर एसपी ने तीनों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews