
Gwalior News : ग्वालियर जिले की भितरवार पुलिस ने जाँच के बाद 8 संविदा शिक्षकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है इसमें एक महिला भी शामिल है, इस मामले में एक आरटीआई कार्यकर्ता ने शिकायत दर्ज कराई जिसकी जाँच पुलिस ने की और शिकायत सही पाए जाने के बाद मामला दर्ज कर लिया।
किसने पुलिस थाने में की थी शिक्षकों की शिकायत ?
दरअसल आरटीआई कार्यकर्ता गौरीशंकर राजपूत ने 27 अक्टूबर 2023 को भितरवार थाने में एक आवेदन दिया था जिसमें भितरवार जनपद में पदस्थ एक महिला सहित आठ संविदा शिक्षकों ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी प्राप्त करने की शिकायत की गई थी, शिकायत में कहा गया कि शिक्षकों द्वारा नौकरी पाने के लिए लगाई गई उनकी मार्कशीट और अन्य प्रमाणपत्र फर्जी हैं, इनकी जांच की जाये।
शिकायत की जांच में पुलिस के सामने क्या आया?
शिकायत की जांच के बाद जब पुलिस ने दस्तावेजों की जाँच की तो शुरूआती जांच में सामने आया कि इन शिक्षकों द्वारा लगाये गए दस्तावेजों में कोई भी मुरैना, नरसिंहपुर और ग्वालियर डाईट से जारी नहीं किये गए, प्रथम द्रष्टया मामला संदिग्ध होने के कारण पुलिस ने धर्मेंद्र यादव, बृजेन्द्र रावत, अनिल पाठक, अरविंद राणा, भगवत शरण शर्मा , सतीश रजक , फूलवती रजक और कृष्णपाल सिंह यादव के खिलाफ धोखाधड़ी, कूट रचित दस्तावेजों का इस्तेमाल का मामला दर्ज कर लिया , पुलिस का कहना है कि आरोपी शिक्षकों की शीघ्र ही गिरफ़्तारी की जाएगी ।
[dgv_vimeo_video id=”892889586″]
ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

