ग्वालियर में बदमाशों ने पुलिस टीम पर किया हमला, गोलीबारी में एसडीओपी और थाना प्रभारी बार-बाल बचे

इस घटना में एक आरोपी भागने में कामयाब रहा जबकि तीन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से हथियार और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Gwalior Crime

Gwalior Crime

ग्वालियर जिले के भितरवार थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज घटना में कुछ बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस की टीम जब हर्षी रोड स्थित आदमपुर गुरुद्वारा के पास पहुंची तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में एसडीओपी जितेंद्र नगाइच और थाना प्रभारी सुधीर सिंह कुशवाहा बाल-बाल बचे।

इस घटना से एक बार फिर पता चलता है कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं। पुलिस टीम पर फायरिंग करने के बाद चार में से एक आरोपी फरार होने में कामयाब रहा जबकि तीन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन सभी आरोपियों पर पहले से ही विभिन्न अपराधों में प्रकरण दर्ज है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले की जांच शुरु कर दी है।

बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग 

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से उन्हें जानकारी मिली थी कि तीन-चार बदमाश हथियारों से लैस एक आई 20 कार में किसी वारदात को अंजाम देने की नीयत से घूम रहे हैं और उनके पास भी हैं।  सूचना मिलते ही एसडीओपी जितेंद्र नगाइच, थाना प्रभारी सुधीर सिंह कुशवाहा अपने दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। जैसे ही बदमाशों को पुलिस की गाड़ी दिखी, उन्होंने अपनी कार तेज स्पीड में भगाने की कोशिश की।

इसके बाद पुलिस ने पीछा करते हुए आरोपियों की कार को ओवरटेक कर अपनी गाड़ी आगे लगा दी और चारों तरफ से घेराबंदी कर ली। गिरफ्तारी से बचने के लिए बदमाशों ने पुलिस पर जानलेवा हमला कर दिया और एसडीओपी व थाना प्रभारी पर फायरिंग की। हालांकि, इस बीच पुलिस टीम ने उनपर काबू पा लिया। पुलिस की तत्परता से तीन बदमाशों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक आरोपी मौका देखकर भाग निकला। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

पुलिस ने मामला दर्ज किया

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डबरा निवाली इकरार खान, डबरा के विनिप कुशवाह और करैया निवासी भूपेंद्र रावत के रूप में हुई है। फरार आरोपी रामलखन रावत की तलाश जारी है। इन आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने एक 12 बोर का कट्टा, एक 12 बोर की दोनाली बंदूक और चार जिंदा राउंड बरामद किए हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा डालने और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews