जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एजी ऑफिस के पास श्रीराम कॉलोनी स्थित द प्रभा इंटरनेशनल होटल की किचन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर होटल की किचन को आगामी आदेश तक के लिए सील कर दिया गया है। साथ ही होटल का खाद्य कारोबार भी बंद करा दिया गया।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को लगातार निरीक्षण एवं छापामार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी गिरीश राजौरिया द्वारा द प्रभा इंटरनेशनल होटल की किचन का निरीक्षण किया गया।
एक ही फ्रीजर में था वेज और नॉनवेज, किचिन में गंदगी भी
निरीक्षण के दौरान किचन में वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थ एक ही फ्रीजर में साथ रखे हुए पाए गए, जबकि स्पष्ट निर्देश हैं कि वेज और नॉनवेज कहदी पदार्थ अलग होने चाहिए इनके निर्माण से लेकर परोसने तक के बर्तन अलग होएं चाहिए। टीम को इसके अलावा किचन में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। खाद्य सामग्री के भंडारण और रखरखाव की व्यवस्था में भी कमियां पाई गईं।
खाद्य लाइसेंस की वैधता भी समाप्त
जांच के दौरान होटल का खाद्य लाइसेंस भी एक्सपायर पाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए तत्काल कार्रवाई की। खाद्य विभाग द्वारा वैध खाद्य लाइसेंस के अभाव और निरीक्षण में सामने आई अन्य अनियमितताओं के चलते होटल का खाद्य कारोबार बंद करा दिया गया है। साथ ही होटल की किचन को आगामी आदेश तक सील कर दिया गया है।
पनीर और रिफाइंड सोयाबीन तेल के नमूने जाँच के लिए भेजे
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने प्रयोगशाला में जांच के लिए होटल से पनीर और रिफाइंड सोयाबीन तेल के नमूने भी लिए हैं। इन नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।






