ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान दौरान पंजाब मेल (ट्रेन क्रमांक 12138) की पेन्ट्रीकार से 200 से अधिक अनधिकृत पानी की बोतलें मिली, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। साथ ही प्लेटफार्मों पर स्थित स्टॉल कैंटीनों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भोपाल स्थित राज्य प्रयोगशाला भेजे गए।
जांच के दौरान पंजाब मेल की पेंट्रीकार में बिक्री के लिए रखी गई 17 कैरेट में 200 से अधिक ऐसी पानी की बोतलें मिलीं, जिन पर निर्माता संबंधी आवश्यक विवरण एवं लेबलिंग नहीं थी। इन्हें जब्त कर पेन्ट्रीकार से उतरवाया गया और संबंधित प्रबंधक के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
प्लेटफार्म क्रमांक 1, 2 और 3 पर स्थित स्टॉलों और कैंटीनों की जांच में बिना आवश्यक दस्तावेजों के खाद्य सामग्री विक्रय करने वाले अनधिकृत विक्रेताओं के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
बिना टिकट यात्रा करने वालों पर भी कार्रवाई हुई
विशेष रेलवे मजिस्ट्रेट, ग्वालियर अतुल यादव के निर्देश पर प्लेटफार्म नंबर 1 से 4 तक चलाए तक यह विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना टिकट यात्रा करने, रेलवे परिसर में गंदगी फैलाने तथा अनधिकृत रूप से रेल लाइन पार करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भी भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।
खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भोपाल भेजे गए
स्टेशन पर स्थित विभिन्न स्टॉलों से चॉकलेट, सैंडविच, बिस्किट, चोको डिलाइट स्लाइस केक और मैंगो ड्रिंक के नमूने लेकर परीक्षण के लिए भोपाल स्थित राज्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अतुल यादव का कहना है कि इस प्रकार के जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। ताकि यात्रियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित हो सकें।
कार्रवाई के दौरान ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी झांसी, आगरा डिवीजन जनक सिंह, सीएचआई जे एस चौहान, तेजपाल, कैटरिंग इंस्पेक्टर सुशील कुमार जायसवाल, सीटीआई राजीव शर्मा सहित अन्य टीटीई, आरपीएफ और जीआरपी का स्टाफ मौजूद रहें।
अतुल सक्सेना की रिपोर्ट






