Gwalior News : वाहन चोर से 10 मोटर साइकिल बरामद, तस्कर से तीन अवैध हथियार

Gwalior News : वाहन चोर से 10 मोटर साइकिल बरामद, तस्कर से तीन अवैध हथियार

Gwalior News : ग्वालियर पुलिस ने आज दो बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वाहन चोर को गिरफ्तार किया।  पुलिस ने इसके कब्जे से चोरी की गई 10 मोटर साइकिल बरामद की जबकि एक हथियार तस्कर को पकड़ा जिसकी तलाशी पर उसके पास से तीन देशी कट्टे और चार जिन्दा राउंड बरामद किये, पुलिस दोनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है।

ग्वालियर पुलिस को मुखबिर के जरिये सूचना प्राप्त हुई कि एक वाहन चोर चोरी की मोटर साइकिल को बेचने की कोशिश में सुसेरा कोठी की तरफ जा रहा है। सूचना मिलने पर एसपी राजेश सिंह चंदेल ने पुलिस अधिकारियों को चोर को पकड़ने के निर्देश दिए, एसपी के निर्देश पर क्राइम ब्रांच थाने और पुरानी छावनी थाने की संयुक्त टीम चोर को पकड़ने निकल गई।

पुलिस चैकिंग देखकर भाग रहा था पुलिस ने पकड़ा   

टीम ने मुखबिर के बताये रास्ते में जलालपुर रेलवे ब्रिज के पास वाहन चैकिंग लगाई,  पुलिस टीम को चैकिंग के दौरान एक व्यक्ति बिना नम्बर की मोटर साइकिल पर आता दिखा, जिसने पुलिस चैकिंग को देखकर भागने का प्रयास किया परन्तु पुलिस ने उसको पकड़ लिया। पकड़े गये व्यक्ति से पूछताछ करने पर खुद को ग्राम रिठौरा कला जिला मुरैना हाल निवासी नारायण बिहार कालौनी थाना गोला का मंदिर का रहने वाला बताया। उक्त व्यक्ति के पास से मिली मोटर साइकिल के दस्तावेज मांगने पर नहीं मिले।

चोरी की 10 मोटर साइकिल मिली, पहले भी पकड़ा जा चुका है 

मोटर साइकिल के सम्बन्ध में पूछताछ करने पर उसने बताया कि यह मोटर साइकिल उसने 11.06.23 को ग्राम गंगा मालनपुर में भागवत कथा के पंडाल के पास से चोरी की है। पुलिस ने वाहन जब्त कर  आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वाहन चोर से पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो उसने ग्वालियर के अलग अलग थानों के 09 अन्य मोटर साइकिल  चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने फिर इन मोटर साइकिल को भी जब्त कर लिया, पकडे गए चोर से पुलिस अन्य वाहन चोरियों के सबंध में पूछताछ कर रही है। वाहन चोर पूर्व में जिला मुरैना, ग्वालियर के चोरी के कई अपराधो में गिरफ्तार हो चुका है।

हथियार बेचने आया तस्कर पकड़ा

ग्वालियर जिले के ग्रामीण क्षेत्र के करहिया  थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्रांर्तगत गोलेश्वर मंदिर के पास एक व्यक्ति मोटर साइकिल लिए अवैध हथियार बैचने की फिराक में खड़ा हुआ है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। अति0 पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जयराज कुबेर ने थाना करहिया पुलिस को टीम बनाकर मुखबिर सूचना की तस्दीक कर उक्त बदमाश के विरूद्ध कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया।

पुलिस को देख भागने का किया असफल प्रयास 

निर्देश मिलते ही एसडीओपी भितरवार अभिनव वारंगे ने थाना प्रभारी करहिया अजय सिंह सिकरवार के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर सूचना की तस्दीक कर कार्यवाही हेतु भेजा। पुलिस टीम को मुखबिर के बताये स्थान गोलेश्वर मंदिर के पास मुखबिर के बताये हुलिया का एक संदिग्ध व्यक्ति मोटर साइकिल लिए खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम को अपनी ओर आता देखकर उक्त व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया।

तीन देशी कट्टे व चार जिंदा राउण्ड बरामद

पुलिस टीम द्वारा पकड़े गये संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी तथा उसके बाद मोटर साइकिल पर टंगे थैले की तलाशी लेने पर उसमें से 03 देशी कट्टे मय 04 जिंदा राउण्ड मिले। पुलिस द्वारा आरोपी के पास से बिना नम्बर की एक होण्डा शाइन मोटर साइकिल को भी जब्त किया गया। पूछताछ करने पर उसने स्वयं को ग्राम स्याहू का रहने वाला बताया। पकड़े गये बदमाश से पुलिस यह पता लगा रही है कि वह अवैध हथियार कहां से लेकर आता है और अभी तक किस-किसको सप्लाई किये गये हैं।

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews