Gwalior News : 1 अगस्त से 12 अगस्त तक होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली स्थगित, बाद में जारी होगा नया कार्यक्रम

अटल बिहारी वाजपेयी दिव्यांग खेल प्रशिक्षण केन्द्र की अनुमति शासन ने निरस्त कर दी जिसके बाद इस भर्ती रैली को लेकर संशय शुरू हो गया, हालाँकि इसके लिए वैकल्पिक स्थान तलाशे जा रहे थे लेकिन आज शनिवार को भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण मंत्रालय ने ग्वालियर में प्रस्तावित अग्निवीर भर्ती रैली को स्थगित कर दिया, इसका नया कार्यक्रम बाद में  घोषित किया जायेगा । 
Gwalior News
Gwalior News : सेना में जाकर देश सेवा करने की तैयारी में जुटे युवाओं को एक झटका लगा है सरकार ने 1 अगस्त से 12 अगस्त तक ग्वालियर में आयोजित की जाने वाली अग्निवीर भर्ती रैली को स्थगित कर दिया है, अब ये भर्ती रैली कब आयोजित की जाएगी इसकी जानकारी और नया कार्यक्रम बाद में घोषित किया जायेगा।  पिछले लंबे समय से जिला प्रशासन और सेना के अधिकारी इस भर्ती रैली की तैयारी कर रहे थे, लेकिन पिछले दिनों इसके लिए तय किये गए स्थान अटल बिहारी वाजपेयी दिव्यांग खेल परिसर की अनुमति निरस्त किये जाने के बाद इसपर संशय शुरू हो गया था।

सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण मंत्रालय ने स्थगित की भर्ती 

कर्नल पंकज कुमार निदेशक सेना भर्ती कार्यालय ग्वालियर से प्राप्त जानकारी के अनुसार भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण मंत्रालय द्वारा ग्वालियर के अटल बिहारी वाजपेयी दिव्यांग खेल परिसर में भर्ती के लिए की गई अनुमति को निरस्त करने के कारण एवं बरसात के मौसम को देखते हुए कोई समुचित स्थान न होने के कारण भर्ती रैली स्थगित कर दी गई है। वर्षा ऋतु पश्चात सेना द्वारा इसे आयोजित किया जायेगा, जिसका कार्यक्रम पृथक से सेना द्वारा जारी किया जाकर सूचित किया जायेगा।

ग्वालियर जिला प्रशासन और सेना कर रहे थे तैयारी 

आपको बता दें कि ग्वालियर जिला प्रशासन और सेना के अधिकारी अग्निवीर भर्ती रैली के लिए लंबे समय से तैयारी कर रहे थे । ग्वालियर के अटल बिहारी वाजपेयी दिव्यांग खेल प्रशिक्षण केन्द्र में प्रस्तावित ये रैली एक अगस्त की मध्यरात्रि से 12 अगस्त तक आयजित किये जाने का कार्यक्रम तय हुआ था। कलेक्टर रुचिका चौहान ने पिछले दिनों अधिकारियों को रैली के लिए बेरीकेडिंग व टेंट सहित सभी व्यवस्थायें 30 जुलाई तक मुकम्म्ल करने के निर्देश दिए थे। इसके अलावा पेयजल प्वॉइंट व अस्थायी शौचालय स्थापित करने के भी निर्देश दिए गए थे। भर्ती स्थल पर एम्बूलेंस व मेडीकल टीम तैनात करने के निर्देश भी दिए थे ।

1 अगस्त से 12 अगस्त तक ये होना था कार्यक्रम 

निदेशक आर्मी भर्ती कार्यालय मुरार कर्नल पंकज कुमार द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक लिखित परीक्षा में सफल हो चुके लगभग 9 हजार 500 अभ्यर्थी अग्निवीर भर्ती रैली में भाग लेने वाले थे। तय कार्यक्रम के अनुसार एक अगस्त की रात 2 बजे से अभ्यर्थियों की दौड़ शुरू होनी थी, भर्ती रैली 12 अगस्त तक चलना थी। हर दिन औसतन 1100 से 1200 अभ्यर्थियों के भाग लेने का अनुमान था।

अटल बिहारी वाजपेयी दिव्यांग खेल प्रशिक्षण केन्द्र की अनुमति निरस्त होने के बाद से था संशय  

इसी बीच पिछले दिनों अटल बिहारी वाजपेयी दिव्यांग खेल प्रशिक्षण केन्द्र की अनुमति शासन ने निरस्त कर दी जिसके बाद इस भर्ती रैली को लेकर संशय शुरू हो गया, हालाँकि इसके लिए वैकल्पिक स्थान तलाशे जा रहे थे लेकिन आज शनिवार को भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण मंत्रालय ने ग्वालियर में प्रस्तावित अग्निवीर भर्ती रैली को स्थगित कर दिया, इसका नया कार्यक्रम बाद में  घोषित किया जायेगा ।
Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews