Gwalior News : डेंगू का डंक, एक की मौत, रोज मिल रहे नये मरीज, CMHO ने जारी की एडवाइजरी

Gwalior News : डेंगू का डंक, एक की मौत, रोज मिल रहे नये मरीज, CMHO ने जारी की एडवाइजरी

Gwalior News : ग्वालियर में बढ़ता डेंगू अब जानलेवा साबित होने लगा है, ग्वालियर से दिल्ली रेफर की गई एक मासूम की मौत ने चिंताएं बढ़ा दी हैं, उधर शहर में डेंगू के मरीजों की रोज बढती संख्या भी परेशानी पैदा कर रही है, सरकारी अस्पतालों से लेकर निजी नर्सिंग होम्स की ओपीडी मरीजों की भीड़ से भरी हुई हैं, हालात को देखते हुए CMHO ने एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों को मच्छर का लार्वा नहीं पनपने के लिए पानी जमा नहीं होने और कूलर की नियमित सफाई  जैसे महत्वपूर्ण कार्य में सहयोग करने की अपील की है।

बढ़ते डेंगू ने स्वास्थ्य विभाग के इंतजामों की खोली पोल 

ग्वालियर में मच्छर से होने वाली बीमारी डेंगू, मलेरिया बहुत तेजी से पैस पसार रहा है, इसपर नियंत्रण के सरकारी दावे फेल होते जा रहे हैं, मरीजों की बढ़ती संख्या इस बात का प्रमाण है कि सरकारी प्रयासों में कितनी सच्चाई है और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी – कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियां कैसे निभा रहे हैं।

मरीजों की संख्या में रोज वृद्धि, 179 पहुंची  

आंकड़ों पर यदि नजर डालेंगे तो जनवरी 2023 से जुलाई 2023 तक सात महीनों में  डेंगू के मरीजों की संख्या मात्र 34 थी अगस्त में ये थोड़ी बढ़कर 39 हो गई, लेकिन 17 सितंबर तक इसने बहुत रफ़्तार पकड़ ली और मरीजों की संख्या 106 हो गई, नये मरीजों की बात करें तो अब तक पूरे जिलें में 179 मरीज मिल चुके हैं जिन्हें डेंगू होने की पुष्टि लैब ने की है। रविवार को मेडिकल कॉलेज की माइक्रो बायोलोजी लैब में 110 सेम्पल जांचे गए जिसमें 16 नए मरीज मिले इसमें 9 ग्वालियर के और 7 दूसरे जिलों के हैं।

डेंगू से पहली मौत, ग्वालियर से रेफर मासूम ने दिल्ली में दम तोड़ा  

चिंता की बात ये है डेंगू से जिले में पहली मौत भी दर्ज हो गई है , ये मौत है एक 8 साल की मासूम भावेशा की। ग्वालियर के विवेक विहार में रहने वाले शशांक भार्गव की बेटी को तेज बुखार आया था, उसे डेंगू की पुष्टि भी हुई थी, जिसके चलते उसे निजी नर्सिंग होम में 14 सितंबर को भर्ती कराया गया दो दिन जब हालत नहीं सुधरी तो अस्पताल ने 16 सितंबर को दिल्ली के लिए रेफर कर दिया जहाँ मासूम ने कल दम तोड़ दिया।

CMHO ने जारी की एडवाइजरी, शहरवासियों से की अपील 

हालात को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर है, जिला अस्पताल सहित जयारोग्य अस्पताल समूह के अस्पतालों में डेंगू मरीजों के लिए विशेष इंतजाम किये गए हैं, डॉक्टर्स जांच और इलाज में तेजी दिखा रहे हैं लेकिन मरीजों की बढती संख्या रोक नहीं पा रहे। उधर मुख्य जिला एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से एडवाइजरी जारी की गई है, CMHO ने शहर की जनता से अपील की है कि  वे अपने घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने दे जिससे मच्छर का लार्वा पैदा नहीं हो, कूलर की नियमित सफाई करें, यदि बुखार आता है तो तत्काल डॉक्टर को दिखाएँ, पूरी आस्तीन के कपड़े पहने और मच्छर भागने वाले साधनों और मच्छरदानी का प्रयोग करें।

जिला मलेरिया अधिकारी को CMHO ने दिए ये निर्देश  

CMHO डॉ आरके राजौरिया ने कहा कि हम हालात पर निगाह रखे हुए हैं, मैंने जिला मलेरिया अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि जहाँ जिस घर में डेंगू मरीज निकलता है उस क्षेत्र के 400 घरों का सर्वे किया जाये, दवाई का छिड़काव किया जाये और यदि इस सर्वे के बीच उस क्षेत्र में फिर कोई नया मरीज निकलता तो दूसरी टीम ये कारर्वाई करे, ये निर्देश पूरे जिले के लिए हैं, उन्होंने कहा कि फोगिंग भी कराई जा रही है नगर निगम फोगिंग कर रही है।

[dgv_vimeo_video id=”865461343″]

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews