अंधे कत्ल का पर्दाफाश, 20% ब्याज और धमकियों से थे परेशान, पुलिस ने चारों आरोपी गिरफ्तार किये

13 अक्टूबर को रात करीब 11 बजे रमन गुर्जर ने पुरुषोत्तम को उसके घर जाकर सोते से जगाया और भागीरथ के खेत में ले जाकर तीन अन्य साथियों के साथ कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी।
Gwalior police arrested murder accused

Gwalior police arrested murder accused

ग्वालियर पुलिस ने ग्राम पिपरौली के खेत में मिले शव की गुत्थी को सुलझा लिया है और अंधे क़त्ल को अंजाम देने वाले चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, शुरूआती पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक ब्याज पर पैसे उधार देता था, आरोपियों ने भी उससे पैसे लाखों रुपये लिए थे जिसकी वसूली मृतक 20 प्रतिशत ब्याज की दर से कर रहा था और नहीं देने पर रोज टोकाटोकी करता था और धमकियाँ देता था जिससे परेशान होकर उन लोगों ने उसकी कुल्हाड़ी से हत्या कर दी।

ग्वालियर पुलिस ने आज कंट्रोल रूम में मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि 14 अक्टूबर को डायल 112 को सूचना मिली कि झाँसी रोड थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरौली में भागीरथ गुर्जर के खेत में एक शव पड़ा है, पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची आसपास मालूम किया तो मृतक की पहचान पुरुषोत्तम गुर्जर के रूप में हुई जिसे उसके सगे भाई जितेन्द्र ने पहचाना, पुरुषोत्तम छोटी मडईयां केदारपुर थाना झांसीरोड का रहने वाला था। मृतक के सिर और गार्डन पर धारदार हथियार से चोट के निशान थे,  पुलिस ने मर्ग कायम कर जाँच शुरू कर दी।

5 टीमों ने 72 घंटे में सभी आरोपी गिरफ्तार किये 

एसपी धर्मवीर सिंह के निर्देश पर अंधे क़त्ल की गुत्थी को सुलझाने के लिए 5 टीमें गठित की गई, टीमों ने लगातार घटनास्थल और आसपास के निवासियों, मृतक के परिजनों, संदेहियों से पूछताछ की, तकनीकी साक्ष्य जुटाए  और करीब 72 घंटे में हत्या का खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या करने वाले चारों  आरोपियों रमन गुर्जर, राधाकृष्ण गुर्जर, छोटू उर्फ राहुल गुर्जर और विजय उर्फ खैरी गुर्जर निवासीगण छोटी मडईयां केदारपुर थाना झॉसीरोड़ को गिरफ्तार कर लिया ।

मृतक 20% ब्याज पर कर्ज देता था नहीं चुकाने पर धमकी देता था 

शुरूआती पूछताछ में सामने आया कि पुरुषोत्तम गुर्जर ब्याज पर पैसे उधार देता था, रमन गुर्जर, राधाकृष्ण गुर्जर, छोटू उर्फ राहुल गुर्जर, विजय उर्फ खेरी गुर्जर ने मृतक पुरुषोत्तम गुर्जर से 20% ब्याज पर लाखों रुपये का कर्ज ले रखा था। मृतक पुरुषोत्तम ब्याज की वसूली के लिये इन लोगों पर विभिन्न प्रकार से दबाब बनाता था, और धमकियाँ देता था, जिससे परेशान होकर चारों ने पुरुषोत्तम की हत्या की योजना बनाई।

खेत में ले जाकर चारों ने कुल्हाड़ी मारकर की हत्या 

इन लोगों ने पुरुषोत्तम गुर्जर को रास्ते से हटाने की प्लानिंग की और उन्हें इसका जल्दी मौका भी मिल गया, पुरुषोत्तम के साले की एक्सीडेंट में मौत हो गई तो उसकी पत्नी अपने मायके चली गई, 13 अक्टूबर को रात करीब 11 बजे रमन गुर्जर ने पुरुषोत्तम को उसके घर जाकर सोते से जगाया और ब्याज देने की बात कहकर घर के बाहर चलने के लिए कहा, वो उसे भागीरथ के खेत में ले गया और बातचीत के दौरान उसपर अचानक हमला कर दिया, वहां खेत में पहले से मौजूद अन्य तीनों ने भी पुरुषोत्तम पर हमला कर उसकी हत्या कर दी, पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews
अंधे कत्ल का पर्दाफाश, 20% ब्याज और धमकियों से थे परेशान, पुलिस ने चारों आरोपी गिरफ्तार किये