होलिका दहन पर जिम संचालक ने की फायरिंग, वीडियो वायरल, चार लोगों पर FIR

gym-owner-open-firing-video-viral-case-registered-on-four

ग्वालियर। हथियारों के शौक़ीन लोग नियम कायदों को भी ताक पर रखकर रौब गांठने से नहीं चूकते। ऐसा ही एक वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें एक जिम संचालक और उसके साथी आचार संहिता लगी होने और हथियार जमा होने के बावजूद हवाई फायर कर रहे हैं । जिम संचालक के बुलावे पर मेहमान बनकर होलिका दहन कार्यक्रम में शामिल होने गए एक युवक ने उनका वीडियो बना लिया जो उसको महंगा पड़ गया । वीडियो बनाने से गुस्साए जिम संचालक ने युवक की पिटाई कर दी। युवक ने बहोड़ापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।

पुलिस के अनुसार आनंद नगर निवासी घनश्याम धाकड़ को प्रमोद शर्मा ने होलिका दहन के कार्यक्रम में बुलाया था। घनश्याम रात को कार्यक्रम में पहुंचा था, वहां टाइगर जिम के संचालक विक्की शर्मा ने बंदूक से हवाई फायर करना शुरु कर दिए। साथियों ने विक्की से बंदूक लेने का प्रयास किया, लेकिन उसने बंदूक नहीं दी इसके बाद भी हवाई फायर करता रहा उसके अन्य साथियों ने भी हवाई फायर किए। इस दौरान करीब 15 से 20 गोलियां चलाई। घनश्याम ने फायरिंग का वीडियो बना लिया, और घनश्याम ने फायर कर रहे लोगों से पूछा कि चुनाव में हथियार क्यों जमा नहीं कराया। ये सुनकर फायर करने वाले भड़क गए और घनश्याम की पिटाई कर दी। घनश्याम ने वीडियों के साथ बहोड़ापुर थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में 4 लोगों के खिलाफ एफ.आई.आर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन का कहना है कि आचार संहिता लागू होने के बावजूद इस तरह हवाई फायर करना क़ानूनी अपराध है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Mp Breaking News
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews