ITI के 51 विद्यार्थियों का अबू धाबी की मैन्यूफैक्चरिंग कंपनी में चयन, कौशल विकास मंत्री टेटवाल ने दी बधाई

मंत्री गौतम टेटवाल ने कहा कि विदेशों में ITI के बच्चोंह का चयन ये दर्शाता है कि हमारे तकनीकी प्रशिक्षण संस्थान वैश्विक मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण दे रह हैं।  
ITI Gwalior

मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में संचालित आईटीआई (ITI) के 51 विद्यार्थियों का चयन अबूधाबी की प्रतिष्ठित मैन्यूफैक्चरिंग कंपनी में हुआ है। प्रदेश के कौशल विकास मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम टेटवाल ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इन छात्रों से संवाद कर बधाई दी। यह चयन आईटीआई के प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित एक विशेष प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से हुआ है। इन 51 छात्रों में से 33 छात्रों की आईटीआई अभी पूरी नहीं हुई है और उन्हें परीक्षा से पहले ही यह जॉब ऑफर मिल गया है।

कौशल विकास मंत्री स्वतंत्र प्रभार टेटवाल ने सभी चयनित युवाओं को ऑनलाइन ऑफर लेटर प्रदान किए और उन्हें बधाई दी। उन्होंने चयनित युवाओं से कहा कि वे विदेश में अपनी कार्यशैली, योग्यता और अच्छे व्यवहार से मध्य प्रदेश एवं भारत का नाम रोशन करें। आईटीआई ग्वालियर का स्टाफ इसे  एक गर्व का क्षण मान रहा है, जब उसके छात्र अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं।

50 हजार रुपये महीना वेतन, रहना, खाना कंपनी देगी 

यह प्लेसमेंट ड्राइव मध्य प्रदेश के विभिन्न शासकीय आईटीआई के योग्य उम्मीदवारों के लिए आयोजित की गई थी। जोनल प्लेसमेंट अधिकारी भागीरथ अग्निहोत्री ने बताया कि लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के बाद फाउंड्रीमैन, फिटर, वेल्डर, टर्नर और इलेक्ट्रीशियन ट्रेड के 51 छात्रों का चयन 50 हजार रुपए प्रति माह के सीटीसी (CTC) पर हुआ है। इसमें भोजन, आवास और फ्लाइट का खर्च कंपनी द्वारा वहन किया जाएगा। चयनित छात्रों को 3 महीने बाद वेतनवृद्धि का भी लाभ मिलेगा।

ग्वालियर ITI से लगातार हो रहा है विदेशों में प्लेसमेंट

जानकारी के मुताबिक शासकीय संभागीय आईटीआई, बिरला नगर में कार्यरत प्लेसमेंट सेल द्वारा समय-समय पर विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों की आवश्यकता के अनुसार प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित की जाती रही हैं। विदेशों के साथ-साथ भारत की प्रतिष्ठित कंपनियों से भी छात्रों के लिए सत्र 2024-2025 में 1273 और सत्र 2025-2026 में 603 जॉब ऑफर मिले हैं। पूर्व में भी संस्था में आयोजित प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से 42 प्रशिक्षणार्थी विदेश में सम्मान जनक रोजगार प्राप्त कर चुके हैं।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews