करवा चौथ (Karwa Chauth) एक ऐसा त्यौहार है, जिसे हर महिला बहुत ही उत्साह के साथ मनाती है। दरअसल ये महिलाओं के सुहाग यानी की पतियों के लिए किया जाने वाला व्रत है। हर महिला अपने पति की लंबी उम्र के लिए यह निर्जला उपवास रखती है। इस दिन महिलाओं को सोलह श्रृंगार कर पूजन पाठ कर अपने पति के हाथों से जल पी कर व्रत पूरा करते देखा जाता है।
करवा चौथ के व्रत का जितना धार्मिक महत्व है। वैसे ही यह एक रिश्ते के लिए काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हर महिला इस दिन अपने पति के लिए सज संवरकर तैयार होती है। वो ये चाहती है कि बदले में उसे तारीफ और तोहफा मिले। अगर ये चीजें नहीं मिल पाती तो कई बार महिलाओं का दिल थोड़ा छोटा हो जाता है। लेकिन अगर मामला बढ़ जाए तो बखेड़ा भी खड़ा हो सकता है। ऐसा ही कुछ नजारा हाल ही में देखने को मिला जब करवा चौथ की साड़ी की वजह से महिलाएं अपने पति को थाने लेकर पहुंच गई।
करवा चौथ की साड़ी और थाना (Karwa Chauth)
ताजा मामला ग्वालियर से सामने आया है। जहां पर करवा चौथ की साड़ी ना दिलाए जाने से नाराज एक महिला अपने पति के खिलाफ थाने पहुंच गई। वैसे यह पहला मामला नहीं है इसके पहले भी कई बार इस तरह की शिकायते लेकर महिलाएं पुलिस के पास पहुंच चुकी हैं।
ताजा जानकारी के मुताबिक एक महिला ने थाने में अपने पति के खिलाफ आवेदन दिया। आमतौर पर आवेदन किसी घरेलू वाद विवाद या फिर प्रताड़ना को लेकर होते हैं। ऐसे मामले में पुलिस भी तत्परता दिखाते हुए तुरंत ही पीड़ित से संपर्क करती है और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को सुलझाने की कोशिश करती है। हालांकि, इस बार आया आवेदन और उसका मामला थोड़ा अजीब था। जब परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलिंग की गई तब झगड़े की असली वजह सामने आई। पत्नी करवा चौथ की साड़ी ना दिलाए जाने की वजह से पति से नाराज हो गई थी। पुलिस ने दोनों को समझाया, पति ने अपनी पत्नी को साड़ी के लिए 1000 रुपए दिए। इसके बाद दोनों झगड़ा खत्म कर हंसते मुस्कुराते अपने घर लौट गए।
एक नहीं कई मामले
ग्वालियर में आया करवा चौथ की साड़ी पर जुड़ा यह केस पहला नहीं है। इसके अलावा और भी मामले सामने आ चुके हैं। महिला थाना काउंसलर महेंद्र शर्मा के मुताबिक एक मामले में इसी तरह से करवा चौथ की साड़ी को लेकर पति पत्नी थाने पहुंच गए थे। दरअसल, इस मामले में पत्नी हमेशा सूट पहनती थी लेकिन करवा चौथ पर उसने साड़ी दिलाने की मांग रख दी। पति ने उसे यह कहकर साड़ी दिलाने से इनकार कर दिया कि वह तो हमेशा सूट ही पहनती है साड़ी लेकर क्या करेगी। इसके बाद दोनों में लड़ाई झगड़ा शुरू हुआ और मामला महिला थाने पहुंच गया। इसके बाद पुलिस में पति-पत्नी के काउंसलिंग करवाई। काउंसलिंग के बाद पति महिला को साड़ी दिलाने के लिए राजी हुआ और महिला ने भी यह वादा किया कि वह समय-समय पर साड़ी पहनेगी। तब कहीं जाकर दोनों के बीच मामला शांत हुआ।
“करवाचौथ की साड़ी”
पतियों के खिलाफ़ थाने पहुंचीं महिलाएं
ग्वालियर और भिंड के मामले, पुलिस ने काउंसलिंग कर घर भेजा, पति ने दिलाई साड़ी #Gwalior #Bhind #KarwaChauth pic.twitter.com/GThLf37uJH
— MP Breaking News (@mpbreakingnews) October 9, 2025
छोटी बातें, पवित्र रिश्ता और पुलिस की पहल
पति पत्नी के बीच करवा चौथ की साड़ी को लेकर सामने आए ये मामले देखने और सुनने में हमें छोटे जरूर लग सकते हैं, लेकिन अगर इसे रिश्ते की गंभीरता के हिसाब से समझा जाए तो यह सामने आता है कि आजकल जरा जरा सी बातें कैसे एक पवित्र रिश्ते को तार तार करते हुए थाने तक पहुंच रही है। आजकल छोटी छोटी बातों पर बढ़ रहे तलाक के मामलों के बीच इस तरह की स्थिति गंभीर जरूर है, लेकिन पुलिस भी तत्परता दिखाते हुए काउंसलिंग कर यह कोशिश कर रही है कि किसी न किसी तरह से पति-पत्नी का झगड़ा शांत हो जाए और वह प्रेम पूर्वक एक साथ रहें।






