Khelo India Youth Games 2022 : जिम्नास्टों ने हैरतअंगेज प्रदर्शन कर किया रोमांचित, शटलर्स ने दिखाई प्रतिभा

Khelo India Youth Games 2022 : जिम्नास्टों ने हैरतअंगेज प्रदर्शन कर किया रोमांचित, शटलर्स ने दिखाई प्रतिभा

Khelo India Youth Games 2022 : ग्वालियर में  खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 के दूसरे दिन एलएनआईपीई (लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान) में जिम्नास्टिक प्रतिस्पर्धाएँ शुरू हुईं। जिम्नास्टिक स्पर्धाओं में भाग लेने देश के विभिन्न राज्यों से आए जिम्नास्टों ने अपने दमखम, शारीरिक चुस्ती व लचीलेपन से हैरतअंगेज प्रदर्शन कर खेल प्रेमियों में जोश व रोमांच भर दिया। वहीं कम्पू खेल परिसर स्थित पुलेला गोपीचंद मध्य प्रदेश बैडमिंटन अकादमी में बैडमिंटन के एकल क्वार्टर फाइनल मुकाबले और युगल मुकाबले खेले गए।

मध्य प्रदेश के लिए रहा ख़राब दिन 

कंपू खेल परिसर स्थित मध्य प्रदेश बैडमिंटन अकादमी में चल रही बैडमिंटन प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की गार्गी ने मध्य प्रदेश की ऐश्वर्या मेहता को 21-23 , 8-21 से सीधे सेटों में हराया। युगल मुकाबले में तमिलनाडु की श्रेया बालाजी और धन्या एन की जोड़ी ने मध्य प्रदेश की गौरी चित्ते और स्वाति सोलंकी की जोड़ी पर 21-11, 21-15 विजय हासिल की। क्वार्टर फाइनल राउंड में मेजबान टीम के लिए दिन का अंतिम लाइनअप बॉयज डबल वर्ग में था, जहां अनुज काले और विनय शर्मा हरियाणा के सन्नी नेहरा और मयंक राणा से 18-21 व 17-21 से हार गए।

चौदह वर्षीय शटलर नायशा ने मचाई धूम

बैडमिंटन प्रतियोगिता में सबसे कम उम्र की शटलर के लिए मप्र बैडमिंटन अकादमी तालियों से गूंजती रही । महाराष्ट्र की 14 वर्षीय नायशा कौर भटोये ने कर्नाटक की दूसरी वरीयता प्राप्त नेसा करिअप्पा ए को 17-21, 21-19 व 21-13 से हराया। नायशा  और नेसा के बीच गेम 65 मिनट तक चला जो अब तक की प्रतियोगिता का सबसे लंबा मैच रहा। पहला सेट गंवाने के बाद नायशा ने जबर्दश्त वापसी की और गेम जीत लिया।

लक्ष्मीबाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन ने पुरुषों और महिलाओं के कलात्मक जिमनास्टिक सत्र के क्वालीफिकेशन राउंड की शुरुआत कर दी है। देश भर से 200 से अधिक जिमनास्ट अगले चार दिनों में कलात्मक और लयबद्ध जिमनास्टिक्स में शीर्ष सम्मान के लिए दौड़ लगाते हुए दिखाई देंगे। मध्य प्रदेश ने जिम्नास्टिक के अपने पहले दिन की शुरुआत सकारात्मक नोट पर की। एमपी बॉयज जिम्नास्टिक कोच सतनारायण पड़वा लड़कों के प्रदर्शन से खुश दिखे। उन्होंने कहा, ‘आगे कड़ा मुकाबला है। प्रतियोगिता अभी शुरू हुई है और हमें अभी लंबा रास्ता तय करना है।”

जिमनास्टों ने किया हैरतंगेज प्रदर्शन 

आज टीम एमपी ने रिंग्स, फ्लोर और पॉमेल हॉर्स उपकरण पर लड़कों के प्रभावशाली प्रदर्शन को देखा, जबकि लड़कियों ने वॉल्ट और असमान बार्स पर अपना जलवा बिखेरा। एलएनआईपीई के मल्टीपर्पज हॉल में बालिकाओं द्वारा किए गए जिम्नास्टिक प्रदर्शन खासे आकर्षण का केन्द्र रहे। बालिका जिम्नास्टस ने जब कुलाचें भरीं तो बड़ी संख्या में मौजूद शहर के विद्यार्थी व खेल प्रेमी जनता दाँतों तले उँगलियाँ दबाने के लिये मजबूर हो गई।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews