
Gwalior Maharajpura Air Force Station Theft
ग्वालियर के महाराजपुरा एयरफोर्स स्टेशन की सुरक्षा में सेंध लगाने का मामला सामने आया है। एयरफोर्स स्टेशन के अंदर से विमान के स्क्रैप पार्ट्स चोरी करने वाले तीन मजदूरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ट्रैक्टर ट्रॉली में सामान छुपाकर ले गए थे।
देश के संवेदनशील एयर फ़ोर्स स्टेशनों में से एक ग्वालियर के महाराजपुरा एयर फ़ोर्स स्टेशन के अन्दर चोरी की घटना सामने आने के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर है, पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है उधर एयर फ़ोर्स स्टेशन प्रबंधन ने भी सुरक्षा प्रबंध कड़े कर दिए हैं।
महाराजपुरा पुलिस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर यशवंत गोयल ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि एयर बेस सुरक्षा प्रभारी विनोद कुमार ने एक शिकायती आवेदन दिया था जिसमें एयर फ़ोर्स स्टेशन में चल रहे निर्माण कार्य में लगे कुछ मजदूरों पर कुछ सामान चोरी करने एक आरोप लगाये थे।
पुलिस ने पकड़े तीन आरोपी
एयर फ़ोर्स स्टेशन के अन्दर से चोरी की सूचना पर पुलिस तत्काल एक्टिव हुई उसने जब तफतीस शुरू की तो मालूम चला कि कुछ लोग एक ट्रैक्टर ट्रॉली में सामान भरकर ले गए पुलिस ने इन लोगों की पड़ताल की और आरोपियों तक पहुंच गई, पुलिस ने चोरी के संदेह में राजकुमार वाल्मीक, शीलू वाल्मीक और रामसिया वाल्मीक को पकड़ लिया और उनसे चोरी का सामान बरामद कर लिया ।
ट्रैक्टर ट्रॉली में भरकर ले गए विमान के स्क्रैप पार्ट्स
पुलिस ने जब आरोपियों से पूछताछ शुरू की तो मालूम चला कि वे निर्माण कार्य में काम करने वाले मजदूर हैं उन्होंने वहां पड़े विमान के स्क्रैप पार्ट्स को उठाया और ट्रैक्टर ट्रॉली में भरकर ले गए , चोरी करना स्वीकार कर लेने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनसे पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इससे पहले भी आरोपियों ने इस तरह की चोरी की है कहीं इसमें कोई कर्मचारी तो शामिल नहीं है ।
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

