कैबिनेट मंत्री नारायण सिंह कुशवाह के गुस्से का शिकार बने जोनल ऑफिसर, नगर निगम कमिश्नर ने निलंबित किया

कमिश्नर संघप्रिय ने सौरभ शाक्य को निलंबित किये जाने के बाद क्षेत्राधिकारी क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक 21 का दायित्व  बृजेश राजपूत (उपयंत्री) को अपने वर्तमान कार्य के साथ सौंपने के आदेश जारी किये हैं। 
Minister Narayan Singh Kushwaha

Minister Narayan Singh Kushwaha

सामान्य तौर पर शांत रहने वाले मध्य प्रदेश सरकार के उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह को इन दिनों गुस्सा आने लगा है और वे बड़े सख्त अंदाज में अधिकारियों से पेश आ रहे हैं, दो दिन पहले निवाड़ी में एक निरीक्षण के दौरान जब अफसरों ने उन्हें गुमराह करने की कोशिश की तो वे भड़क गए और कहा मोबाइल फेंक दूंगा उन्होंने ऐसे अफसर को निलंबित करने के भी निर्देश दिए, आज वही गुस्सा ग्वालियर में भी दिखाई दिया।

दरअसल मध्य प्रदेश सरकार के उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह शांत स्वभाव वाले मंत्री है वे बहुत प्यार से निवेदन के साथ अफसरों से बात करते हैं लेकिन उन्हें गुस्सा आ गया,  आज वे अपनी विधान सभा क्षेत्र ग्वालियर दक्षिण के वार्ड क्रमांक 52 में विकास कार्य का भूमिपूजन करने पहुंचे थे, खास बात ये है ये भूमिपूजन कांग्रेस पार्षद संध्या कुशवाह के वार्ड में हो रहा था जो एमआईसी सदस्य भी हैं।

लेकिन जब मंत्री कुशवाह वहां पहुंचे तो नगर निगम के अधिकारी वहां से नदारद थे, जोनल ऑफिसर भी वहां मौजूद नहीं थे ये देखकर मंत्री जी नाराज हो गए और उन्होंने कमिश्नर संघप्रिय को फोन लगा दिया और कहा जेडओ को निलंबित करो मुझे आर्डर भेजो।

गुस्से में मंत्री, कमिश्नर से बोले कर्मचारी नालायक हो गए हैं 

मंत्री जी फोन पर नाराज होते भी दिखे और निवेदन करते भी दिखे, उन्होंने कहा एक मंत्री लेवल का व्यक्ति यहाँ बैठा है और आपका स्टाफ ही मौजूद नहीं है, एई को मालूम ही नहीं है कितनी राशि का भूमिपूजन है, अपर कमिश्नर भी आने वाले थे नहीं हैं जेडओ गायब हैं, आपके कर्मचारी नालायक हो गए हैं।

मंत्री बोले जेडओ पर एक्शन लो मुझे आर्डर भेजो 

मंत्री कुशवाह ने कमिश्नर से कहा जेडओ को तत्काल हटाओ यदि आप कर सकते हो तो करो वर्ना मैं आपसे भी बात करना बंद कर दूंगा, मंत्री मौजूद है और निगम का स्टाफ नहीं है इतनी बेइज्जती, ऐसे नहीं चलेगा। उन्होंने कहा जेडओ ने ही कार्यक्रम बनाया और वो ही गायब है आप उसपर कार्रवाई करो और आर्डर मुझे भेजो। मंत्री का ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

कमिश्नर ने जोनल ऑफिसर को निलंबित किया 

मंत्री की नाराजगी के बाद कमिश्नर संघप्रिय एक्शन में आये उन्होंने जोनल ऑफिसर को निलंबित कर दिया , कमिश्नर ने अपने आदेश में लिखा- “वार्ड क्रमांक 52 अंतर्गत नादरिया माता मंदिर से पीपरी धाम स्कूल तक सीसी रोड निर्माण कार्य के संबंध में भूमि पूजन किया गया। भूमि पूजन की जानकारी जोनल ऑफिसर सौरभ शाक्य (उपयंत्री) को 01 दिवस पूर्व ही  थी, इसके बावजूद भी वे भूमि पूजन के समय स्थल पर उपस्थित नहीं रहे एवं भूमि पूजन की सूचना भी इनके द्वारा स्थानीय जनप्रतिनिधियों को नहीं दी गई। इस लापरवाही पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है एवं निलंबन अवधि में मुख्यालय जनकार्य विभाग रहेगा।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews