Harda News: नेशनल हाईवे पर पलटा लोहे से भरा ट्रक, 3 की मौत, 1 गंभीर

Harda News: नेशनल हाईवे पर पलटा लोहे से भरा ट्रक, 3 की मौत, 1 गंभीर

Harda Road Accident: हरदा के टिमरनी में इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे (Indore-Betul National Highway) पर लोहे से भरा हुआ एक ट्रक पलट गया। इस भीषण सड़क हादसे में ट्रक ड्राइवर, हेल्पर सहित 17 साल की एक लड़की की मौत हो गई है। लड़की बाइक पर सवार थी और बाइक चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। ये घटना आज दोपहर करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है।

हादसा बहुत ही भयानक था और ट्रक पर रखे सारे पाइप सड़क पर बिखर जाने से ड्राइवर और क्लीनर नीचे दब गए थे। मौके से गुजर रही एक बालिका को भी गंभीर चोट आई जिससे उसकी जान चली गई। जेसीबी की मदद से ट्रक को उठाकर ड्राइवर और क्लीनर के शव को बाहर निकाला गया। वहीं हादसे में गंभीर घायल हुए बाइक सवार को टिमरनी अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे में 30 वर्षीय ड्राइवर नितेश मीणा, 28 वर्षीय हेल्पर अभिषेक और 17 वर्षीय बाइक सवार बालिका सरस्वती की जान चली गई है। 20 वर्षीय बाइक चालक अंकुल का गंभीर अवस्था में अस्पताल में इलाज चल रहा है।

डेढ़ घंटे तक लगा रहा जाम

यह घटना सरकारी कॉलेज से कुछ ही कदम की दूरी पर हुई। ट्रक में लोहे के पाइप भरे हुए थे और यह बैतूल से हरदा की ओर जा रहा था। ट्रक जब पलटा तो पास से गुजर रहे बाइक सवार भी इसकी चपेट में आ गए। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम, तहसीलदार और टिमरनी थाना प्रभारी मौके पर पहुंच गए थे। घटना के चलते नेशनल हाईवे पर करीब डेढ़ घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews