मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। सीएम यादव ने इस मौके पर मध्यप्रदेश में जारी विकास कार्यों, उपलब्धियों, निवेश, जनकल्याणकारी पहलों के साथ-साथ प्रदेश की प्रगति से संबंधित विभिन्न विषयों की जानकारी भी प्रधानमंत्री को दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वर्ष 2027 में मध्यप्रदेश में आयोजित होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए भी पीएम मोदी आमंत्रित किया। जिसका आयोजन भोपाल में जनवरी 2027 में होने वाला है। इसका उद्देश्य राज्य में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देना है। साथ ही निवेश आकर्षित करना और रोजगार के अवसर बढ़ाना है।
ये भी पढ़ें
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा पर भी चर्चा
सीएम मोहन यादव ने प्रदेश में निवेश के लिए तैयार किए जा रहे अनुकूल वातावरण, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी पीएम मोदी के साथ साझा की। इसके अलावा प्रदेश में शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ के संबंध में भी प्रधानमंत्री को अवगत कराया। बता दें कि इस योजना का शुभारंभ सीएम यादव और नितिन गडकरी द्वारा 25 सितंबर को किया गया था। पहले चरण में 351 बसों को हरी झंडी दिखाई गई है।
सेवा संकल्प अभियान से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी भी दी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 17 सितंबर से प्रदेश में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत प्रदेशभर में आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों की जानकारी भी पीएम मोदी को दी। उन्होंने अभियान के माध्यम से जनभागीदारी, सेवा और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न आयोजनों पर चर्चा की। यह अभियान प्रदेश में 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा।