MP Breaking News

सीएम डॉ. मोहन यादव आज इंदौर में करेंगे “यात्री परिवहन विजन समिट” का शुभारंभ, ‘सुगम परिवहन सेवा’ पर होगा फोकस

समिट में सरकार, परिवहन क्षेत्र और उद्योग जगत के प्रतिनिधि मिलकर प्रदेश की यात्री परिवहन व्यवस्था के भविष्य की दिशा तय करेंगे। दो दिनों तक होने वाली चर्चा में निवेश, तकनीकी नवाचार, यात्री सुरक्षा, रोजगार और टिकाऊ परिवहन से जुड़े विकल्पों पर विचार किया जाएगा।
MP CM Dr. Mohan Yadav

CM Dr. Mohan Yadav

मध्यप्रदेश में सार्वजनिक यात्री परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में राज्य सरकार एक महत्वपूर्ण आयोजन कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में दो दिवसीय यात्री “परिवहन विजन समिट-2026” का शुभारंभ करेंगे।

समिट में परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह और मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल भी शामिल होंगे। इस मौके पर निजी बस ऑपरेटरों, नीति-निर्माताओं, परिवहन विशेषज्ञों, देशभर के राज्य परिवहन उपक्रमों, आईटी कंपनियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधि एक मंच पर जुटेंगे। वे मध्यप्रदेश की यात्री परिवहन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बनाने के लिए रणनीति तथा सुझाव साझा करेंगे।

यात्री परिवहन विजन समिट

समिट का प्रमुख केंद्र ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ रहेगा। ‘नई सोच, नई राह, नया मध्यप्रदेश’ विजन के साथ आयोजित इस समिट का उद्देश्य मध्यप्रदेश यात्री परिवहन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (MPYPIL) के माध्यम से जन-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल, आधुनिक आईटी प्रणालियों और हरित ऊर्जा आधारित परिवहन पारिस्थितिकी तंत्र को गति देना है।

इंडस्ट्री एक्सपो, लोगो और पुस्तिका का विमोचन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समिट के दौरान इंडस्ट्री एक्सपो का उद्घाटन करेंगे। एक्सपो में बस निर्माताओं, आईटी कंपनियों, वित्तीय संस्थानों और परिवहन क्षेत्र से जुड़े उद्योगों के साथ प्रदेश के विभिन्न शासकीय निगम अपनी गतिविधियाँ, तकनीकी समाधान और नवाचार प्रदर्शित करेंगे। इससे परिवहन क्षेत्र में निवेश, तकनीक और नई साझेदारियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर ईलेट्स टेक्नोमीडिया द्वारा संकलित समिट की स्मारिका का विमोचन किया जाएगा। साथ ही MPYPIL द्वारा ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ की संरचना और भविष्य की योजनाओं पर केंद्रित विशेष पुस्तिका का भी विमोचन होगा। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चयनित MPYPIL के नए लोगो का अनावरण मुख्यमंत्री करेंगे। इसके अलावा परिवहन क्षेत्र में नवाचार विकसित करने वाले मोबिलिटी स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजित हैकाथॉन का भी शुभारंभ होगा।

आठ सत्रों में मंथन

समिट में आठ सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें मध्यप्रदेश मोबिलिटी विजन-2030 के तहत बस संचालन और इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) में PPP को बढ़ावा, आधुनिक अवसंरचना में निवेश, वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बस संचालन, रोजगार एवं उद्यमिता सृजन, यात्री सुरक्षा और सुविधा, डेटा-आधारित मार्ग योजना, हरित मोबिलिटी तथा एकीकृत टिकटिंग व स्वचालित किराया संग्रह प्रणाली जैसे विषयों पर चर्चा होगी।

कार्यक्रम में ईकेए मोबिलिटी, टाटा मोटर्स, ग्रीनसेल मोबिलिटी, वोल्वो-आयशर, स्विच मोबिलिटी, इंडियन ऑयल, एसबीआई, थिंक गैस जैसी प्रमुख कंपनियों के साथ WRI इंडिया, BITS पिलानी, CEPT अहमदाबाद, KPMG और DIMTS जैसे संस्थानों के विशेषज्ञ भाग लेंगे। समिट में होने वाले विचार-विमर्श और विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर प्रदेश की यात्री परिवहन व्यवस्था को तकनीक-सक्षम, सुरक्षित, सुविधाजनक और टिकाऊ बनाने की आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha
Follow Us :GoogleNews
सीएम डॉ. मोहन यादव आज इंदौर में करेंगे "यात्री परिवहन विजन समिट" का शुभारंभ, ‘सुगम परिवहन सेवा’ पर होगा फोकस