MP News : कमलनाथ का बिग प्लान, 9 मई से शुरू करेंगे नारी सम्मान योजना

MP News : कमलनाथ का बिग प्लान, 9 मई से शुरू करेंगे नारी सम्मान योजना

Congress Nari Samman Yojana : कांग्रेस मध्य प्रदेश में महिलाओं को ध्यान में रखकर एक बड़ी योजना लॉन्च करने जा रही है। इस योजना की शुरुआत 9 मई को होगी। नारी सम्मान योजना के नाम से इस योजना में घर-घर जाकर फॉर्म भरे जाएंगे। मिशन 2023 के लिए कांग्रेस किसी सूरत कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती और उसी कड़ी में ये नई योजना लाई जा रही है।

चुनाव का मौसम है और इसलिए मध्यप्रदेश की माता बहनें सबकी लाड़ली हो गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जहां लाडली बहना योजना लॉन्च की और 1000 रु प्रतिमाह हर महिला को देने का वादा किया जो पात्रता श्रेणी में आती हैं, तो अब इसका पलटवार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ करने जा रहे हैं। 9 मई से मध्यप्रदेश में कांग्रेस घर-घर जाकर एक फॉर्म भरवाएगी। नारी सम्मान योजना के नाम से इस फॉर्म में महिलाओं को कुछ जानकारियां देनी होंगी और दावा किया जा रहा है कि कांग्रेस सरकार बनने पर हर पात्र महिला को 1500 रुपये प्रतिमाह के साथ 500 रु में गैस सिलेंडर भी दिया जाएगा। योजना का फॉर्म एमपी ब्रेकिंग के पास मौजूद है और इसके अंदर सभी आवश्यक जानकारियां भरवाई जाएंगी। साथ ही साथ एक पावती रसीद भी संबंधित महिला को दी जाएगी।

जहां शिवराज सरकार की लाडली बहना योजना में पात्र महिलाओं की आयु सीमा 23 से 60 वर्ष है वही कमलनाथ का दावा है कि कांग्रेस सरकार बनने पर 18 साल से लेकर 60 साल तक की हर महिला इसकी पात्र होगी। शिवराज सरकार की लाडली बहना योजना को अच्छा खासा प्रतिसाद मिला था और अब तक करीब सवा करोड़ महिलाएं इस योजना के अंतर्गत रजिस्टर्ड हो चुकी हैं। दावे आपत्ति की प्रक्रिया जारी है और शिवराज सरकार का दावा है कि 10 जून को पहली किस्त महिलाओं के खाते में पहुंच जाएगी। ऐसे में कमलनाथ द्वारा शुरू की जा रही नारी सम्मान योजना का कांग्रेस को कितना लाभ होगा, यह तो आने वाले समय में ही मालूम पड़ेगा। लेकिन शिवराज सरकार के 1000 रुपये प्रतिमाह के बरक्स कमलनाथ का यह 2000 रुपये प्रतिमाह का डबल डोज कांग्रेसियों के लिए एक उत्साह का वातावरण निर्मित करने में तो सफल रहेगा, इतना तय है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews