ICMR Advisory: ICMR ने जारी की चाय और कॉफी को लेकर एडवाइजरी, जानें क्या दी इसे लेकर चेतावनी?

ICMR Advisory: नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन (NIN) के अनुसंधान विंग के मेडिकल पैनल द्वारा एक एडवाइजरी भी जारी की गई है। इस एडवाइजरी में चाय और कॉफी का सेवन सीमित मात्रा में करने की सलाह दी गई है।
ICMR Advisory: ICMR ने जारी की चाय और कॉफी को लेकर एडवाइजरी, जानें क्या दी इसे लेकर चेतावनी?

ICMR Advisory: हाल ही में भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) ने भारतीयों के लिए 17 आहार सुझावों का एक सेट जारी किया है। ये सुझाव स्वस्थ जीवनशैली के लिए संतुलित और विविध आहार पर विशेष जोर देते हैं। इसी संदर्भ में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन (NIN) के अनुसंधान विंग के मेडिकल पैनल द्वारा एक एडवाइजरी भी जारी की गई है। इस एडवाइजरी में चाय और कॉफी का सेवन सीमित मात्रा में करने की सलाह दी गई है।

— ICMR – National Institute of Nutrition (@ICMRNIN) May 9, 2024

ICMR ने जारी की चेतावनी:

दरअसल भारत में चाय का सेवन बहुत लोकप्रिय है, और कई लोगों को चाय न मिलने पर सिरदर्द जैसी समस्याएं होने लगती हैं। जानकारी के अनुसार देश की आधी से अधिक आबादी चाय और कॉफी का नियमित रूप से सेवन करती है। इसी संदर्भ में ICMR ने चेतावनी जारी की है कि भोजन से ठीक पहले या बाद में इनका सेवन न करें।

ICMR के वैज्ञानिकों ने कहा है, “चाय और कॉफी में कैफीन होता है, जो केंद्रीय तंत्रिका तंत्र को उत्तेजित करता है और शारीरिक निर्भरता पैदा कर सकता है।” हालांकि, उन्होंने चाय या कॉफी पूरी तरह से छोड़ने की सलाह नहीं दी है, लेकिन भारतीयों को इन पेय पदार्थों में मौजूद कैफीन की मात्रा को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।

आप कितना का सेवन करते हैं?

दरअसल आपको बता दें कि ब्रूड कॉफी के 150 मिली के एक कप में 80-120 मिलीग्राम कैफीन होता है, जबकि एक कप इंस्टेंट कॉफी में 50-65 मिलीग्राम और चाय में 30-65 मिलीग्राम कैफीन होता है। वहीं ICMR ने कहा है कि, “चाय और कॉफी का सेवन संयम से करना चाहिए, ताकि कैफीन की दैनिक खपत 300 मिलीग्राम से अधिक न हो।”

ICMR के शोधकर्ताओं ने यह जानकारी देते हुए बताया कि एक व्यक्ति के लिए कैफीन की दैनिक सीमा 300 मिलीग्राम है। इसके साथ ही, उन्होंने लोगों को सलाह दी है कि भोजन से कम से कम एक घंटे पहले और बाद में चाय और कॉफी का सेवन न करें। इसका कारण है कि इन सभी पेय पदार्थों में टैनिन नामक यौगिक की मात्रा होती है, जो शरीर में आयरन के अवशोषण को बाधित कर सकता है। इसका अर्थ है कि भोजन से मिलने वाला आयरन टैनिन के कारण कम हो जाता है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews