Hindi News

शिमला के बाद इस मेडिकल काॅलेज में शुरू होगी रोबोटिक सर्जरी,सीएम सुक्खू ने किया उद्घाटन

Written by:Neha Sharma
Published:
शिमला के चमियाना अस्पताल में मुख्यमंत्री सुक्खू ने रोबोटिक सर्जरी यूनिट का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक सुविधाएं देना सरकार की प्राथमिकता है और सरकार इस पर 3 हजार करोड़ रुपये खर्च कर रही है।
शिमला के बाद इस मेडिकल काॅलेज में शुरू होगी रोबोटिक सर्जरी,सीएम सुक्खू ने किया उद्घाटन

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को शिमला के अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी, चमियाणा में हिमाचल प्रदेश की पहली रोबोटिक सर्जरी यूनिट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल और ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह भी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद प्रोस्टेट कैंसर के मरीज की पहली सर्जरी भी मुख्यमंत्री की मौजूदगी में की गई।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि चमियाणा के बाद अब टांडा सहित अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी रोबोटिक सर्जरी यूनिट की स्थापना की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह आधुनिक तकनीक राज्यवासियों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। मैक्स अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टर द्वारा की गई पहली सर्जरी को ऐतिहासिक बताते हुए उन्होंने कहा कि 2030 तक स्वास्थ्य क्षेत्र को सुदृढ़ करने के लिए सरकार 3,000 करोड़ रुपये खर्च करेगी।

पुलिस को मुख्यमंत्री की बधाई

मुख्यमंत्री ने बीसीएस स्कूल के तीन लापता बच्चों को 24 घंटे के भीतर खोज निकालने के लिए पुलिस विभाग की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों के लापता होने की घटना की वे खुद निगरानी कर रहे थे और डीजीपी व शिमला एसपी से लगातार फीडबैक ले रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों की किडनैपिंग के पीछे की वजहों की जांच चल रही है।

आनंद शर्मा के फैसले का स्वागत

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा द्वारा कांग्रेस की विदेश मामलों की समिति के अध्यक्ष पद से दिए गए इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि नए लोगों को मौका देना चाहिए और आनंद शर्मा का यह फैसला स्वागत योग्य है। उन्होंने कहा कि पार्टी में नई ऊर्जा और नेतृत्व को आगे लाने के लिए यह एक सकारात्मक कदम है।

Neha Sharma
लेखक के बारे में
A Passionate Digital News writer with deep expertise. Doing Sharp analysis with engaging storytelling. View all posts by Neha Sharma
Follow Us :GoogleNews