Hindi News

हिमाचल प्रदेश के CM सुक्खू का ऐलान, 1500 रुपये की गारंटी जल्द होगी पूरी

Written by:Neha Sharma
Published:
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को शिमला स्थित राजीव भवन में आयोजित सम्मेलन में कहा कि पार्टी की बहनों को 1500 रुपये देने की गारंटी आर्थिक स्थिति ठीक होते ही पूरी की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश के CM सुक्खू का ऐलान, 1500 रुपये की गारंटी जल्द होगी पूरी

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को शिमला स्थित राजीव भवन में आयोजित सम्मेलन में कहा कि पार्टी की बहनों को 1500 रुपये देने की गारंटी आर्थिक स्थिति ठीक होते ही पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी की एक बड़ी रैली आयोजित की जाएगी, जहां यह घोषणा दोबारा की जाएगी। मुख्यमंत्री ने “वोट चोर गद्दी छोड़” अभियान की शुरुआत की और बताया कि आने वाले चुनावों में पार्टी का वोट प्रतिशत 10 फीसदी बढ़ाने की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती से भाजपा की वोट चोरी पर लगाम लगेगी और हमें बीएलओ को एक्टिव कर यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई व्यक्ति एक से ज्यादा जगह वोट न डाल सके।

हिमाचल प्रदेश के CM सुक्खू का ऐलान

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र पर सवाल उठ रहे हैं क्योंकि कई विधेयक विधानसभा से पास होने के बावजूद राजभवन में लंबित पड़े हैं। इसके अलावा वाइस चांसलर की नियुक्ति के लिए विज्ञापन बिना राज्य सरकार को जानकारी दिए जारी कर दिया गया। उन्होंने कहा कि चुनौतियों से लड़ने में उन्हें आनंद आता है और सरकार हर साजिश का मजबूती से सामना करेगी।

इस अवसर पर कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि बिहार की तर्ज पर हिमाचल में भी कांग्रेस अधिकार यात्रा शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि जल्द पीसीसी का गठन होगा और गांव-गांव में पदयात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा चुनी हुई सरकारों को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है, लेकिन कांग्रेस विधायकों की संख्या फिर से 40 पर पहुंच गई है। पाटिल ने कहा कि संगठन की कमजोरी से सरकार के कार्य जनता तक नहीं पहुंच पा रहे हैं और अब पार्टी इसे दूर करने के लिए कदम उठाएगी।

कांग्रेस प्रभारी ने कार्यकर्ताओं को चेतावनी भी दी कि कोई भी अपनी ही सरकार या पार्टी पर सोशल मीडिया पर टिप्पणी न करे। नाराजगी हो तो उसे पार्टी के भीतर साझा करें। उन्होंने केंद्र सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया और कहा कि जिस तरह उत्तर प्रदेश में बुलडोजर की राजनीति चल रही है, उसी तरह केंद्र सरकार विपक्ष पर बुलडोजर चला रही है। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के सह प्रभारी विदित चौधरी और चेतन चौहान समेत सभी कैबिनेट मंत्री, विधायक और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।