Hindi News

आपदा प्रभावितों के लिए विशेष राहत पैकेज देगी हिमाचल सरकार, CM सुक्खू का बड़ा बयान

Written by:Neha Sharma
Published:
हिमाचल प्रदेश में हाल की आपदा से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए राज्य सरकार ने विशेष राहत पैकेज देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार आपदा का पैमाना वर्ष 2023 से कहीं बड़ा है।
आपदा प्रभावितों के लिए विशेष राहत पैकेज देगी हिमाचल सरकार, CM सुक्खू का बड़ा बयान

हिमाचल प्रदेश में हाल की आपदा से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए राज्य सरकार ने विशेष राहत पैकेज देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को चंबा जिले के भरमौर, मणिमहेश और अन्य आपदा प्रभावित इलाकों के साथ-साथ कांगड़ा जिले में पौंग बांध से छोड़े गए पानी के कारण प्रभावित फतेहपुर और इंदौरा का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर प्रभावित परिवार तक राहत और मदद पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार आपदा का पैमाना वर्ष 2023 से कहीं बड़ा है, हालांकि समय रहते उठाए गए एहतियाती कदमों से जनहानि को कुछ हद तक कम किया जा सका है।

CM सुक्खू ने किया हवाई सर्वेक्षण

मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर खराब मौसम के कारण भरमौर में नहीं उतर सका, लेकिन उन्होंने हवाई सर्वेक्षण के बाद स्थिति का जायजा लिया। सुक्खू ने बताया कि सड़क, बिजली, पानी और संचार सेवाएं पिछली बार की तुलना में अधिक प्रभावित हुई हैं, और सबसे बड़ी चुनौती अब प्रभावित परिवारों का पुनर्वास है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस चुनौती से भी निपटेगी और हर संभव सहायता पहुंचाई जाएगी।

सुक्खू ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह लगातार जमीनी स्तर पर हालात की निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि राजस्व मंत्री नेगी चंबा से पैदल ही भरमौर पहुंचे हैं, जो राज्य सरकार के संवेदनशील और मानवीय दृष्टिकोण को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सरकार चंबा-भरमौर मार्ग में बाधित संपर्क को जल्द बहाल करने और विभिन्न स्थानों पर फंसे लोगों को सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सड़क संपर्क बहाली के लिए जिला प्रशासन को तेजी से काम करने के निर्देश दिए गए हैं, हालांकि लगातार खराब मौसम राहत और पुनर्स्थापन कार्यों में बाधा डाल रहा है। भरमौर क्षेत्र में फंसे लोगों की सकुशल वापसी के लिए हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं, जो मौसम साफ होते ही एयरलिफ्ट करेंगे। इस बीच मुख्यमंत्री ने भाजपा नेताओं पर आरोप लगाया कि वे प्रभावितों की मदद करने के बजाय अफवाहें फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा अब मानसून सत्र स्थगित करने की मांग कर रही है, जबकि 2023 में यही पार्टी सत्र बढ़ाने की मांग कर रही थी।

Neha Sharma
लेखक के बारे में
A Passionate Digital News writer with deep expertise. Doing Sharp analysis with engaging storytelling. View all posts by Neha Sharma
Follow Us :GoogleNews