Hindi News

CM सुक्खू की सीट बदलने की अटकलों पर जयराम ठाकुर का बड़ा दावा, कहा- ‘देहरा में भाभी जी सीट छोड़ने को तैयार नहीं’

Written by:Banshika Sharma
Published:
हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए दावा किया है कि वह अपनी वर्तमान सीट नादौन से चुनाव नहीं लड़ना चाहते। ठाकुर के अनुसार, CM सुक्खू देहरा से चुनाव लड़ने पर विचार कर रहे हैं, लेकिन उनकी पत्नी और वहां की विधायक कमलेश ठाकुर सीट छोड़ने को तैयार नहीं हैं। इसके जवाब में डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने बीजेपी पर केंद्र से मिलने वाली मदद रुकवाने का आरोप लगाया।
CM सुक्खू की सीट बदलने की अटकलों पर जयराम ठाकुर का बड़ा दावा, कहा- ‘देहरा में भाभी जी सीट छोड़ने को तैयार नहीं’

हिमाचल प्रदेश में सियासी पारा एक बार फिर चढ़ गया है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर सीधा हमला बोलते हुए दावा किया है कि सीएम अपनी परंपरागत सीट नादौन से चुनाव लड़ने से बच रहे हैं और एक सुरक्षित सीट की तलाश में हैं। जयराम ने यह भी कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता चुनाव मैदान से भाग रहे हैं, जो सरकार की कमजोर स्थिति को दर्शाता है।

शिमला में मीडिया से बातचीत के दौरान जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुक्खू को लेकर यह सनसनीखेज दावा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को जमीन नहीं मिल रही है और अब सरकार की विदाई की शहनाई बज चुकी है।

CM देहरा से लड़ना चाहते हैं, पर ‘भाभी जी’ तैयार नहीं

जयराम ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू नादौन से अपनी दावेदारी को लेकर आश्वस्त नहीं हैं। उन्होंने कहा, “सीएम देहरा से चुनाव लड़ने का मन बना रहे हैं। मगर देहरा में भाभी जी (CM की धर्मपत्नी एवं देहरा से विधायक कमलेश ठाकुर) हैं।”

“हम भाभी जी के साथ हैं। उन्हें देहरा से डिस्लॉज (बेदखल) नहीं करना चाहिए। भाभी जी ने भी संकेत दे दिए हैं कि वह देहरा से ही चुनाव लड़ेगी।” — जयराम ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष

इस बयान के जरिए जयराम ठाकुर ने सुक्खू परिवार के भीतर ही सीट को लेकर खींचतान होने का इशारा किया है।

डिप्टी सीएम अग्निहोत्री भी निशाने पर

नेता प्रतिपक्ष ने केवल मुख्यमंत्री पर ही नहीं, बल्कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अग्निहोत्री भी चुनाव नहीं लड़ने की बात कह चुके हैं। जयराम ने सवाल उठाया, “जब सत्तारूढ़ कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता चुनाव के मैदान से भागने लगे हैं तो अंदाजा लगाया जा सकता है कि छोटे नेताओं का क्या हाल होगा?”

जब कांग्रेस को ‘ऑल्टो’ में फिट करने की बात कही थी

यह पहली बार नहीं है जब जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर इस तरह का तीखा हमला किया है। करीब तीन महीने पहले बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद उन्होंने कहा था कि हिमाचल में 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को एक ऑल्टो कार में फिट कर देंगे। उनका इशारा था कि कांग्रेस 5 सीटों पर सिमट जाएगी। तब उन्होंने कहा था, “मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की प्रिय गाड़ी ऑल्टो है। इसलिए, कोशिश करेंगे कि कांग्रेस का पूरा विधायक दल ऑल्टो गाड़ी में आ जाए।”

मुकेश अग्निहोत्री का पलटवार

वहीं, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा नेताओं के आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने हिमाचल के भाजपा नेताओं पर राज्य के विकास में बाधा डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “हम चकमा देकर दिल्ली जाते हैं और केंद्र सरकार से ग्रांट लाते हैं। यदि हिमाचल बीजेपी के नेताओं को मालूम पड़ जाए तो ये लोग पैसा रुकवा देते हैं।” इस बयान ने प्रदेश की राजनीति में एक नई बहस छेड़ दी है।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma
Follow Us :GoogleNews