हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग, हमीरपुर ने विभिन्न विभागों में कई पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। आयोग ने इसके लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक उम्मीदवार 27 अगस्त 2025 सुबह 10 बजे से 30 सितंबर 2025 रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। यह आवेदन केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। अन्य किसी भी माध्यम से भेजे गए आवेदन सीधे निरस्त कर दिए जाएंगे। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि विस्तृत विज्ञापन, शैक्षणिक योग्यता, पात्रता शर्तें और अन्य दिशा-निर्देश आयोग की वेबसाइट https://hprca.hp.gov.in पर उपलब्ध हैं।
हिमाचल प्रदेश चयन आयोग ने निकाली भर्ती
भर्ती के तहत कई विभागों में अलग-अलग पदों पर नियुक्तियां होंगी। इनमें हॉर्टिकल्चर एक्सटेंशन ऑफिसर, लेबोरेटरी असिस्टेंट, स्टैटिस्टिकल असिस्टेंट, मेडिकल लैबोरेटरी टेक्नीशियन ग्रेड-दो, फोटो टाइप सेटर ऑपरेटर, प्लेट मेकर (ऑफसेट), फ्लाई बॉय (ऑफसेट), प्रूफ रीडर, कॉपी होल्डर और ऑफसेट ऑपरेटर जैसे पद शामिल हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी पदों पर वेतनमान हिमाचल प्रदेश सिविल सेवा (संशोधित वेतन) नियम, 2022 के अनुसार होगा। प्रशिक्षु कर्मचारियों को शुरुआती वेतन का 60 प्रतिशत मानदेय दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें
आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, बागवानी विभाग में हॉर्टिकल्चर एक्सटेंशन ऑफिसर के 38 पद, स्वास्थ्य विभाग में लेबोरेटरी असिस्टेंट के 2 पद और मेडिकल लैबोरेटरी टेक्नीशियन के 19 पद भरे जाएंगे। इसी तरह भूमि रिकॉर्ड विभाग में स्टैटिस्टिकल असिस्टेंट के 3 पद, जबकि प्रिंटिंग एवं स्टेशनरी विभाग में फोटो टाइप सेटर ऑपरेटर के 5, प्लेट मेकर (ऑफसेट) का 1, फ्लाई बॉय (ऑफसेट) के 3, प्रूफ रीडर के 2, कॉपी होल्डर का 1 और ऑफसेट ऑपरेटर के 2 पद शामिल किए गए हैं।
आयोग ने उम्मीदवारों से अपील की है कि वे आवेदन करने से पहले विस्तृत अधिसूचना को ध्यानपूर्वक पढ़ें और सुनिश्चित करें कि वे निर्धारित योग्यता और पात्रता शर्तों को पूरा करते हों। यह भर्ती प्रदेश में युवाओं के लिए रोजगार का एक अहम अवसर है। आयोग का कहना है कि पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से सभी पदों को शीघ्र भरा जाएगा, ताकि संबंधित विभागों में रिक्तियां पूरी की जा सकें।