
IAS Transfer
हिमाचल प्रदेश की ब्यूरोक्रेसी में बड़ा बदलाव देखा गया है। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 6 अधिकारियों को नया पदभार सौंपा गया है। उद्योग और ऊर्जा निदेशक बदले गए हैं। कुल्लू जिले में नए उपायुक्त की नियुक्ति की गई है। तबादले और नियुक्ति (IAS Transfer Posting) से संबंधित आदेश कार्मिक विभाग ने बुधवार को जारी किया है।
हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड लिमिटेड पद पर कार्यरत बैच 2013 के आईएएस अधिकारी आदित्य नेगी को निदेशक, उद्योग पर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। कमल कांत सरोच, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, HIMURJA को वर्तमान कर्तव्यों के साथ-साथ निदेशक, पर्यटन एवं सीए पद का एडिशनल चार्ज दिया गया है।
इन आईएएस अफसरों को भी मिला अतिरिक्त प्रभार
शुभ करण सिंह, विशेष सचिव (शिक्षा), हिमाचल प्रदेश सरकार को ऊर्जा निदेशक पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। शिवम प्रताप सिंह, डायरेक्टर, यूथ सर्विसेस एंड स्पोर्ट्स पद का अतिरक्त प्रभार दिया गया है। वहीं बैच 2018 के आईएएस अधिकारी अभिषेक वर्मा को निदेशक, डिजिटल तकनीक एवं गवर्नेंस पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वर्तमान में वह प्रबंध निदेशक, हिमाचल प्रदेश MILKFED पद पर कार्यरत हैं।

कुल्लू जिले के डीसी का तबादला हुआ
सिविल बोर्ड की सिफारिश पर हिंचाल प्रदेश के राज्यपाल ने बैच 2016 के आईएएस अधिकारी अनुराग चंद्र शर्मा उपायुक्त कुल्लू जिला का स्थानांतरण करके उन्हें अगली पोस्टिंग के लिए कार्मिक विभाग में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया है। इससे संबंधित आदेश कार्मिक विभाग द्वारा 5 अगस्त को जारी किया गया है। सुरजीत सिंह जो वर्तमान में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विकास-सह- परियोजना निदेशक डीआरडीए कुल्लू पद पर कार्यरत है, उन्हें अगले आदेश तक उपायुक्त कुल्लू का अतिरिक्त प्रभार संभालने का निर्देश दिया गया है।

