Hindi News

बिहार प्रचार पर निकले सुक्खू पर जयराम का वार, बोले- आपदा में प्रदेश छोड़ चुनाव देखने गए सीएम

Written by:Neha Sharma
Published:
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर बिहार चुनाव प्रचार में जाने को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सीएम को अपने प्रदेश से ज्यादा बिहार चुनाव की चिंता सता रही है।
बिहार प्रचार पर निकले सुक्खू पर जयराम का वार, बोले- आपदा में प्रदेश छोड़ चुनाव देखने गए सीएम

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर बिहार चुनाव प्रचार में जाने को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सीएम को अपने प्रदेश से ज्यादा बिहार चुनाव की चिंता सता रही है। मंडी में न्यूज18 से बातचीत में जयराम ठाकुर ने सवाल उठाया कि क्या मुख्यमंत्री की नजर में आपदा से जूझ रहे हिमाचल की तुलना में बिहार चुनाव ज्यादा प्राथमिकता रखता है।

CM सुक्खू को जयराम ठाकुर ने घेरा

जयराम ठाकुर ने कहा कि अगर वे मुख्यमंत्री होते तो कभी इस स्थिति में प्रदेश छोड़कर प्रचार के लिए नहीं जाते। वे हाईकमान को यहां की वास्तविक स्थिति बताते और आपदा प्रभावितों के बीच रहकर राहत कार्यों की निगरानी करते। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने डिजास्टर एक्ट लगाकर पंचायत और नगर निगमों के चुनाव टालने का काम किया है, लेकिन राहत और पुनर्वास कार्यों की स्थिति बेहद खराब है। सर्दी का मौसम शुरू हो चुका है, और अस्थाई आश्रयों में रह रहे लोगों की मुश्किलें बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि बिलासपुर में पहाड़ी दरकने से 16 लोगों की मौत हो गई, जिसमें एक ही घर से चार-चार अर्थियां उठीं, मगर मुख्यमंत्री बिहार में भाजपा को कोसने में व्यस्त रहे। उन्होंने कहा कि यह सरकार की संवेदनहीनता का बड़ा उदाहरण है कि सीएम उन शोक संतप्त परिवारों के पास तक नहीं गए।

आपदा प्रभावितों पर क्या बोले जयराम?

जयराम ठाकुर ने बताया कि उन्होंने आपदा प्रभावितों की मदद के लिए अपने तीन महीनों का वेतन दान करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला प्रशंसा के लिए नहीं, बल्कि प्रभावितों की वास्तविक मदद के लिए लिया गया है। उन्होंने उन सभी दानदाताओं का आभार जताया जिन्होंने कठिन समय में प्रदेशवासियों की खुलकर सहायता की।

सोशल मीडिया पर बयानबाजी करने वालों पर निशाना साधते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि कुछ नेता और लोग शाम को तफसरा करने बैठ जाते हैं और बिना तथ्य जाने बयानबाजी करते हैं। उन्होंने कहा कि वे अकेले ऐसे नेता हैं जो आपदा के बाद न केवल अपने क्षेत्र में, बल्कि राज्य के विभिन्न प्रभावित इलाकों में जाकर हालात का जायजा ले चुके हैं। उन्होंने अपील की कि जो लोग सोशल मीडिया पर टिप्पणी करते हैं, वे पहले आपदा पीड़ितों के दर्द को समझें और फिर राय दें।

Neha Sharma
लेखक के बारे में
A Passionate Digital News writer with deep expertise. Doing Sharp analysis with engaging storytelling. View all posts by Neha Sharma
Follow Us :GoogleNews