हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह के दौरान एक अनोखा नजारा देखने को मिला। स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल की बेरुखी से नाराज होकर एक बुजुर्ग महिला भड़क गई और मंच पर ही अपनी भड़ास निकालने लगी। मामला सोलन के ठोडो मैदान का है, जहां 15 अगस्त को आयोजित समारोह में कुल्लू के आनी से पांच बार विधायक रहे ईश्वर दास की पत्नी पहुंचीं। उन्होंने मंत्री शांडिल और अर्की के कांग्रेस विधायक संजय अवस्थी से अपने 92 वर्षीय पति के लिए घर-द्वार स्वास्थ्य सेवा की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।

धनी राम शांडिल पर महिला ने जताया गुस्सा

गवाहों के अनुसार, 85 वर्षीय मंत्री धनी राम शांडिल महिला की गुहार को नजरअंदाज करते हुए पहले कागजों में व्यस्त दिखे और महिला की ओर ध्यान नहीं दिया। जब मामला बढ़ने लगा तो उन्होंने महिला की बातों पर सिर हिलाना शुरू कर दिया, लेकिन इस बीच महिला गुस्से में आ गई और मंच पर ही तीखे शब्दों में नाराजगी जताई। मौके पर मौजूद एक अधिकारी ने महिला को शांत करने का प्रयास किया और कहा कि उन्होंने उनके आवेदन पर अपना नंबर लिख दिया है।

इस दौरान स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन ने माहौल संभालने की कोशिश की। मंच पर बज रहे म्यूजिक सिस्टम की आवाज अचानक तेज कर दी गई, ताकि महिला की नाराजगी की आवाज समारोह में मौजूद अन्य लोगों तक न पहुंचे। इसके बावजूद कई लोगों ने यह वाकया देखा और इसे कैमरे में कैद कर लिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आ चुका है, जिसमें मंत्री की बेरुखी और महिला की नाराजगी साफ दिख रही है।

आखिरकार अधिकारियों और पुलिस ने महिला को शांत किया और उन्हें पुलिस वाहन से सोलन शहर के वार्ड नंबर 11 स्थित उनके आवास तक छोड़ा गया। यह घटना समारोह में चर्चा का विषय बन गई और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठे। स्वतंत्रता दिवस जैसे बड़े आयोजन में हुए इस हंगामे ने प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य मंत्री दोनों की छवि पर असर डाला है।