प्रशासन की सख्ती, बिना मास्क वालों की बाइक 24 घंटे के लिए होगी जब्त

प्रशासन की सख्ती, बिना मास्क वालों की बाइक 24 घंटे के लिए होगी जब्त

इटारसी, राहुल अग्रवाल| कोरोना वायरस के तीसरे चरण में तीव्रता की खबरें मिलने के बाद आज क्राइसिस कमेटी की बैठक में प्रशासन ने सख्ती बरतने के संकेत दे दिये हैं। एसडीएम एमएस रघुवंशी ने कहा कि प्रशासन ने बिना मास्क लगाए घर से निकलने वालों पर जुर्माने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है और अब भी लोग नहीं माने तो बाइक से बाजार आने वालों की बाइक 24 घंटे के लिए जब्त कर ली जाएगी। इसके अलावा व्यापारियों से भी उन्होंने कहा कि आपने त्योहार के वक्त सहयोग दिया है, आगे भी सहयोग करें। जो लोग समझाने पर भी सहयोग नहीं करेंगे, उनके खिलाफ एफआईआर और जेल भेजने की कार्रवाई भी की जा सकती है। बैठक में मौजूद व्यापारियों ने प्रशासन की कार्रवाई में सहयोग के लिए आश्वस्त किया है।

क्राइसिस कमेटी की बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम एमएस रघुवंशी ने कहा कि हरेक अपने आपको बचाने की सोच ले तो कोरोना हमें नहीं हरा सकता। गाइड लाइन का पालन करने वाले को कभी कोरोना नहीं हो सकता है। प्रशासन अपना काम कर रहा, जनता के सहयोग की आवश्यकता है। टीआई रामस्नेह चौहान ने कहा, तीसरे फेज़ में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है और विशेषज्ञों के अनुसार यह तीसरे बेव पहले से अधिक घातक होगी, अत: हमें ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है। जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से उपस्थित जेडी डॉ. नलिनी गौर ने कहा कि दिसंबर 2021 तक निचले स्तर तक वैक्सीन आने की उम्मीद नहीं है, अत: जब तक वैक्सीन नहीं आती, मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग और सेनेटाइजर बहुत जरूरी है। अब लक्षणरहित रोगी मिल रहे हैं जो सबसे खतरनाक स्थिति है।

सीएमओ हेमेश्वरी पटले ने कहा, प्रशासन काम कर रहा है, जनसहयोग की जरूरत है। मास्क अवश्य लगाएं और अप्रिय कार्रवाई से बचें। एसडीओपी महेन्द्र मालवीय ने कहा, आठ माह हो गये, सबको सब पता है, हम लापरवाही छोड़ें, क्योंकि कोरोना बढ़ रहा है। घबराएं नहीं सावधानी रखें और गाइडलाइन का पालन करें। डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी शासकीय अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डॉ. आरके चौधरी ने अस्पताल में कोविड मरीजों के लिए उपलब्ध जांच और चिकित्सा सुविधा की जानकारी दी।
आर्डनेंस फैक्ट्री और रेलवे अस्पताल के लैब टेक्नीशियन को ट्रेंड करके वहां जांच प्रारंभ करायी जा सकती है। शहर में दो अर्बन पीएचसी हैं जहां सर्दी-जुकाम, खांसी- बुखार के मरीजों की प्रारंभ जांच की जा सकती है। मास्क नहीं लगाने वालों पर अभी 100 रुपए जुर्माना हो रहा, आगे यह राशि बढ़ाकर पांच सौ रुपए की जा सकती है। जो बाइकर्स बिना मास्क के बाजार में मिला, उसकी बाइक 24 घंटे के लिए जब्त करके उसे पैदल घर भेजा जाएगा।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews