इंदौर में 18 साल की युवती ने किया सुसाइड, एयर होस्टेस बनने की ले रही थी ट्रेनिंग

mp news

Indore News: इंदौर में एयर होस्टेस की ट्रेनिंग ले रही एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। हैरानी की बात तो यह है कि इंटरव्यू के पहले युवती ने यह कदम उठाया है। जानकारी के मुताबिक उसकी इंग्लिश कमजोर थी जिस वजह से वह तनाव में चल रही थी और इसी के चलते उसने आत्महत्या का कदम उठाया।

यह पूरा मामला इंदौर के हीरा नगर थाना क्षेत्र के न्यू गौरी नगर का है। यहां पर रहने वाली 18 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। वो एबी रोड पर स्थित एक निजी इंस्टिट्यूट से एयर होस्टेस की तैयारी कर रही थी। इंग्लिश को बेहतर करने के लिए हाल ही में उसने कोचिंग लगवाई थी। आज संस्थान में प्लेसमेंट के लिए इंटरव्यू रखे गए थे। इस इंटरव्यू की तैयारी के लिए वह लगातार जुटी हुई थी और अपनी बहन से इस बारे में बात करने के बाद वह ऊपर कमरे में गई और फांसी पर झूल गई। परिजनों ने जैसे ही युवती को पंखे से लटके हुए देखा उसे नीचे उतारकर हीरानगर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

युवती के परिजनों ने बताया कि एयर होस्टेस की तैयारी के लिए वह अपनी बड़ी बहन के साथ कोचिंग क्लासेज जा रही थी। इंटरव्यू के चलते वह थोड़ा परेशान थी और अपनी छोटी बहन से बात करते हुए उसने इंग्लिश टफ होने की बात कही थी। बहन ने उसे समझाते हुए कहा था कि पहले कठिन होता है लेकिन धीरे-धीरे सब आने लगता है। इसके बाद युवती पढ़ाई करने के लिए चली गई थी और बहन नीचे आ गई थी। कुछ देर बाद जब युवती की मां ने खाना खाने के लिए उसे आवाज लगाई तो कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद जब परिजन ऊपर पहुंचे तो मामले की जानकारी लगी।

मामला सामने आते ही पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। घर वालों का यही कहना है कि वह कमजोर इंग्लिश के चलते काफी परेशान हो रही थी। युवती ने इंटरव्यू के तनाव में जान दी है या फिर किसी और वजह से उसने यह खतरनाक कदम उठाया है यह जांच पड़ताल के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews