इंदौर में दर्दनाक हादसा, चलती कार बनी आग का गोला, पुलिस ने कांच तोड़कर झुलसे चालक को निकाला बाहर

इंदौर के चोइथराम मंडी के पास चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे चालक अंदर फंस गया और करीब 40 प्रतिशत झुलस गया। मौके पर यातायात पुलिस ने कांच तोड़कर चालक को बाहर निकाला एवं अस्पताल पहुंचाया।
Indore News

 इंदौर: मध्यप्रदेश के इंदौर में एक बड़ा हादसा हो गया है। शनिवार को एक चलती कार में अचानक आग लग गई। हादसे के दौरान कार चालक वाहन के अंदर ही फंस गया और करीब 40 प्रतिशत तक झुलस गया। मौके पर पहुंची यातायात पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार का कांच तोड़कर चालक को बाहर निकाला। पुलिसकर्मियों ने घायल को तत्काल सीपीआर दिया और उपचार के लिए तुंरत ही अस्पताल में भर्ती किया। जहां उसका इलाज जारी है।

दरअसल, इंदौर के चोइथराम मंडी के पास यह हादसा उस वक्त हुआ, जब चलती रिट्ज कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे कार चला रहा युवक अंदर ही फंस गया और गंभीर रूप से झुलस गया।

पुलिसकर्मियों ने तोड़ा कार के गेट का कांच, चालक को बाहर निकाला

हादसे की सूचना मिलते ही यातायात थाना जोन-4 के प्रभारी सुमित बिलोनिया अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। जहां आरक्षक विजय, प्रधान आरक्षक कमल और एएसआई जे.पी. तिवारी के साथ मिलकर कार का कांच तोड़ा और अंदर फंसे चालक को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों ने मौके पर प्राथमिक स्तर पर सीपीआर देकर घायल की जान बचाने का प्रयास किया। इसके बाद लोडिंग रिक्शा की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

करीब 40 प्रतिशत तक झुलसा चालक

बता दें कि अस्पताल में प्राथमिक जांच के दौरान चालक के करीब 40 प्रतिशत तक झुलसने की जानकारी सामने आई है। गंभीर हालत में उसका उपचार जारी है। वहीं, यातायात पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में लगी आग को भी बुझाया। इस घटना के बाद यातायात डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी ने थाना प्रभारी सुमित बिलोनिया सहित पूरी टीम की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की है।

इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews