
दीपावली से पहले भोपाल में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली। यहां रेलवे स्टेशन के बाहर से विभाग ने 7 क्विंटल एनालॉग पनीर जब्त किया है। जानकारी के मुताबिक इतनी बड़ी मात्रा में पनीर ट्रेन के जरिए मुरैना से भोपाल पहुंचाया गया था।
खाद्य विभाग की ये कार्रवाई मंगलवार रात 2 बजे के करीब देखने को मिली। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने जांच पड़ताल कर बिल्टी और बिल के आधार पर प्रकरण दर्ज कर पनीर जब्त किया।इस 700 किलो से ज्यादा एनालॉग पनीर की कीमत 2.5 लाख रुपए बताई जा रही है। मंगलवार देर रात शुरू हुई कार्रवाई बुधवार की सुबह तक चलती रही।
मध्य प्रदेश में प्रतिबंधित है एनालॉग पनीर
बता दें कि 3 महीने पहले मध्य प्रदेश में सरकार द्वारा एनालॉग पनीर पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया था। इसके बाद प्रदेश के कईं जिलों से एनालॉग पनीर जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई थी। बता दें कि यह ऐसा पनीर होता है जिसे दूध के साथ स्टार्च, वनस्पति वसा और अन्य सामग्री का इस्तेमाल कर तैयार किया जाता है। इसकी कीमत कम होने की वजह से बाजार में इसकी खपत भी तेजी से देखने को मिली थी।
खाद्य विभाग कर रहा जांच
एनालॉग पनीर पर लगाए गए प्रतिबंध के बावजूद इतनी बड़ी मात्रा में पनीर मिलने के बाद अब खाद्य विभाग जांच पड़ताल में जुड़ गया है। यह पता करने की कोशिश की जा रही है कि आखिरकार इसे कहां पर सप्लाई किया जाने वाला था। रेस्टोरेंट, होटल या डेयरी जहां भी इसकी सप्लाई की जाने वाली थी। वहां की जानकारी निकाली जा रही है। जानकारी सामने आने के बाद संबंधित लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
मानवाधिकार आयोग ने उठाया था मुद्दा
बता दें कि जब 3 महीने पहले मध्य प्रदेश सरकार ने प्रदेश में एनालॉग पनीर पर पूरी तरह से बैन लगाया था। उस समय राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग की ओर से यह मुद्दा उठाया गया था। आयोग ने नाराजगी हुए इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों को पत्र लिखने का फैसला किया था। अब बैन लगने के बावजूद भी इतनी मात्रा में पनीर को खपाना हैरान करने लायक है।

