एयर इंडिया एक्सप्रेस की यह उड़ान पहले इंदौर से गोवा के बीच सीधे चलती थी। कंपनी ने समर शेड्यूल में बदलाव करते हुए इसे बंद कर दिया है। वहीं इस फैसले से गोवा जाने वाले यात्रियों का एक बड़ा और आसान विकल्प खत्म हो गया है। दरअसल अब इंदौर से गोवा जाने के लिए यात्रियों को सीमित उड़ानों पर निर्भर रहना पड़ेगा। फिलहाल इस रूट पर केवल इंडिगो की एक नियमित उड़ान और एक रविवार को चलने वाली उड़ान ही उपलब्ध है।
दरअसल यह उड़ान सुबह 10:55 बजे इंदौर से गोवा के लिए रवाना होती थी और दोपहर 12:30 बजे गोवा पहुँचती थी। वापसी में यह उड़ान दोपहर 1:05 बजे गोवा से उड़ान भरकर दोपहर 2:30 बजे इंदौर आती थी। ट्रैवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया ने बताया कि यह उड़ान यात्रियों के बीच काफी लोकप्रिय थी क्योंकि इसका समय सुविधाजनक था। सीधी उड़ान बंद होने के बाद यात्रियों को या तो महंगे टिकट लेने पड़ेंगे या फिर कनेक्टिंग उड़ानों का सहारा लेना पड़ेगा, जिससे समय और पैसा दोनों ज्यादा लगेंगे।
छुट्टियों पर जाने वाले लोगों को परेशानी होगी
दरअसल गोवा इंदौर के यात्रियों के लिए एक पसंदीदा घूमने की जगह है। ऐसे में सीधी उड़ान बंद होने से खासकर परिवारों और छुट्टियों पर जाने वाले लोगों को परेशानी होगी। विकल्प कम होने से टिकट के दाम भी बढ़ सकते हैं, क्योंकि मांग ज्यादा होने पर बची हुई उड़ानों का किराया बढ़ जाता है। इससे इंदौर की पर्यटन कनेक्टिविटी पर भी असर पड़ सकता है। गोवा की उड़ान बंद करने के साथ ही एयर इंडिया एक्सप्रेस ने इंदौर से बेंगलुरु के लिए नई उड़ान शुरू की है। यह उड़ान शाम 4:25 बजे बेंगलुरु से इंदौर आएगी और शाम 5 बजे वापस बेंगलुरु के लिए रवाना होगी। कंपनी के इस फैसले को रूट नेटवर्क में बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
गोवा के लिए विकल्प पहले ही बहुत कम थे
वहीं अमोल कटारिया का कहना है कि बेंगलुरु के लिए पहले से ही कई उड़ानें उपलब्ध हैं, जबकि गोवा के लिए विकल्प बहुत कम थे। ऐसे में गोवा की उड़ान बंद होने से यात्रियों और पर्यटकों को परेशानी होगी। इंदौर से बेंगलुरु के लिए पहले से कई एयरलाइंस उड़ानें चला रही हैं, इसलिए इस रूट पर यात्रियों के पास पर्याप्त विकल्प हैं। इसके उलट गोवा जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल के लिए सीधी उड़ान का कम होना यात्रियों के लिए समस्या बन सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि गर्मी और बारिश के मौसम में गोवा में पर्यटकों की संख्या कम हो जाती है। संभव है कि इसी वजह से एयरलाइन ने समर शेड्यूल में यह फैसला लिया हो ताकि कम यात्रियों वाली उड़ान को बंद किया जा सके। हालांकि इससे यात्रियों को असुविधा हो सकती है। पहले भी इंदौर से गोवा के लिए सीधी उड़ानें बंद होती रही हैं। अमोल कटारिया ने बताया कि 2025 में मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, नॉर्थ गोवा के लिए शुरू की गई सीधी उड़ान भी कुछ समय बाद बंद कर दी गई थी। इससे इंदौर और गोवा के बीच उड़ानों की लगातार उपलब्धता को लेकर सवाल खड़े होते हैं और यात्रियों में अनिश्चितता बढ़ती है।






