MP Breaking News

इंदौर में ठगी का नया तरीका, टीवी सीरियल में काम दिलाने के नाम पर महिला से वसूले 50 हजार रुपये, जांच में जुटी पुलिस

इंदौर में टीवी सीरियल और फिल्मों में काम दिलाने के नाम पर सोशल मीडिया विज्ञापन के जरिए ठगी का मामला सामने आया है। क्राइम ब्रांच को तीन शिकायतें मिली हैं जिसमें एक महिला से करीब 50 हजार रुपये ठगे गए हैं। पुलिस जांच में जुटी है।
Indore News

इंदौर में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और शातिर ठग हर दिन ठगी के नए-नए तरीके ईजाद कर लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं। पुलिस भी साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी बीच, साइबर फ्रॉड से जुड़ा एक और ताजा मामला सामने आया है।

बता दें कि लालच के चक्कर में लोग अक्सर ठगी का शिकार हो जाते हैं। अब इंदौर में एक बार फिर ऐसा ही हुआ है। जहां टीवी सीरियल और फिल्मों में एक्टर बनाने के नाम पर युवाओं से ठगी की गई। क्राइम ब्रांच को इस संबंध में तीन शिकायतें मिली हैं। आरोप है कि आरोपियों ने फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन के जरिए युवाओं को एक्टिंग का मौका देने का झांसा दिया और इसके बाद उनसे पैसे ऐंठ लिए गए।

टीवी सीरियल और फिल्मों में काम दिलाने का दिया झांसा

पुलिस के अनुसार, इंदौर क्राइम ब्रांच के सामने आए मामलों में एक महिला की शिकायत भी मिली। महिला ने फेसबुक पर एक्टिंग से संबंधित एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन के जरिए महिला की आरोपियों से बातचीत शुरू हुई और उसे टीवी सीरियल और फिल्मों में काम दिलाने का झांसा दिया गया। इसके बाद आरोपी महिला को अलग-अलग तरह के खर्च और प्रक्रिया का हवाला देकर रकम जमा कराने के लिए कहते रहे। महिला ने कई बार में करीब 50 हजार रुपये आरोपियों के बताए खातों में जमा कर दिए।

काम नहीं मिला तो महिला को ठगी का हुआ एहसास

रकम देने के बाद जब महिला को न तो काम मिला और न ही आरोपियों से संपर्क हो पाया, तब उसे अपने साथ हुई ठगी का पता चला। महिला ने मामले की शिकायत क्राइम ब्रांच में की। जांच के बाद क्राइम ब्रांच ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब सोशल मीडिया अकाउंट, मोबाइल नंबर और पैसों के लेन-देन से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर एक्टिंग, मॉडलिंग या फिल्मों में काम दिलाने के नाम पर किए जा रहे विज्ञापनों से सावधान रहें। किसी भी तरह की फीस या रजिस्ट्रेशन के नाम पर रकम जमा करने से पहले संबंधित संस्था और उसके दावों की पूरी तरह जांच-पड़ताल जरूर कर लें।

इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews
इंदौर में ठगी का नया तरीका, टीवी सीरियल में काम दिलाने के नाम पर महिला से वसूले 50 हजार रुपये, जांच में जुटी पुलिस - MP Breaking News