
इंदौर शहर में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी की तरफ से एक बहुत बड़ी पदयात्रा निकाली जा रही है। ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित की जा रही यह पदयात्रा सुबह 10 बजे सुभाष नगर चौराहे से शुरू होकर पाटनीपुरा चौराहे तक जाएगी।
दरअसल इस पदयात्रा को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। बीजेपी का दावा है कि इस आयोजन में लगभग एक लाख लोग शामिल होंगे। यात्रा को सफल बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारियों ने काफी समय से तैयारियां शुरू कर दी थीं।
बड़े-बड़े दिग्गज नेता और मंत्री पदयात्रा में बढ़ाएंगे रौनक
बीजेपी नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा और अभियान संयोजक सुधीर कोल्हे ने बताया कि इस यात्रा में कई बड़े दिग्गज नेता हिस्सा लेंगे। इनमें केंद्रीय मंत्री मनसुखभाई मांडविया, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल प्रमुख रूप से शामिल हैं।
इनके अलावा पद्मश्री भैरोंसिंह चौहान, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी और महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी पदयात्रा का हिस्सा बनेंगे। शहर के अलग-अलग व्यापारी और खेल संगठनों के लोग भी इसमें मौजूद रहेंगे।
विपक्ष के फैलाए भ्रम को दूर करना और लोकतंत्र को मजबूत करना है मकसद
यह पदयात्रा विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-2 से होकर गुजरेगी और पाटनीपुरा चौराहे पर एक बड़ी सभा के साथ समाप्त होगी। इस यात्रा का मुख्य मकसद लोगों को एसआईआर प्रक्रिया की सच्चाई बताना और विपक्ष की तरफ से फैलाए जा रहे झूठे दावों का पर्दाफाश करना है।
पदयात्रा के जरिए बीजेपी जनता के बीच संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा बनाए रखने और लोकतंत्र को मजबूत करने का संदेश देना चाहती है। यात्रा के दौरान कार्यकर्ता अपने हाथों में तख्तियां लेकर भी चलेंगे।
250 से ज्यादा सामाजिक और व्यापारिक संगठनों के साथ हुई बैठकें
इस बड़े आयोजन की तैयारियों को लेकर नेताओं ने शहर भर में बैठकों का लंबा दौर चलाया। आयोजकों ने बताया कि यात्रा को सफल बनाने के लिए लगभग 250 सामाजिक और व्यापारिक संगठनों के साथ खास बातचीत की गई थी।
इसके साथ ही एनजीओ, शैक्षणिक संस्थानों, खेल संगठनों और उद्योगपतियों से भी लगातार चर्चा की गई है। सोशल मीडिया पर भी बीजेपी नेता और कार्यकर्ता लगातार पोस्ट डालकर आम जनता से इस पदयात्रा में शामिल होने की अपील कर रहे हैं।

