MP Breaking News

इंदौर में महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरी कांग्रेस, 22 ब्लॉक में एक साथ प्रदर्शन, बाइक की निकाली शवयात्रा

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर इंदौर के सभी 22 ब्लॉक में विरोध; मंगल नगर सुखलिया में हाथ गाड़ी पर बाइक रखकर निकाली प्रतीकात्मक शवयात्रा
Indore Congress Protest Against Inflation Bike Funeral Procession

Indore Congress Protest Against Inflation Bike Funeral Procession

बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को इंदौर में अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शन किया। शहर के सभी 22 ब्लॉक क्षेत्रों में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और शक्कर, रसोई गैस, पेट्रोल और बिजली की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया। मंगल नगर सुखलिया में विरोध का तरीका अलग रहा, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाइक की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर मध्य प्रदेश में किए जा रहे विरोध प्रदर्शन के तहत इंदौर में सुबह 10 बजे से अलग-अलग क्षेत्रों में कांग्रेस कार्यकर्ता जुटने लगे। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में महंगाई को मुद्दा बनाते हुए सरकार से आम लोगों को तत्काल राहत देने की मांग की गई।

हाथ गाड़ी पर बाइक रखकर निकाली शवयात्रा

मंगल नगर सुखलिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक बाइक को हाथ गाड़ी पर रखकर क्षेत्र में घुमाया। इसे बाइक की प्रतीकात्मक शवयात्रा का रूप दिया गया। कांग्रेस ने इसके जरिए पेट्रोल की कीमतों को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।

इसके साथ ही कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर, शक्कर और बिजली की बढ़ती कीमतों को भी प्रदर्शन का मुद्दा बनाया। कांग्रेस का कहना है कि रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े खर्च बढ़ने से आम परिवारों का बजट प्रभावित हो रहा है।

चिंटू चौकसे ने सरकार को घेरा

शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई का बोझ सीधे आम जनता पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को महंगाई से राहत देने के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए।

कांग्रेस ने एक ही समय में शहर के सभी 22 ब्लॉक क्षेत्रों में प्रदर्शन कर इस मुद्दे को शहरव्यापी रूप देने की कोशिश की। पार्टी नेताओं ने कहा कि महंगाई के खिलाफ उनका विरोध जारी रहेगा और सरकार से जनता को राहत देने की मांग की जाएगी।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena
Follow Us :GoogleNews
इंदौर में महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरी कांग्रेस, 22 ब्लॉक में एक साथ प्रदर्शन, बाइक की निकाली शवयात्रा - MP Breaking News