इंदौर क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन देशी पिस्तौल, एक देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस और एक स्कूटी बरामद की है। फिलहाल दोनों आरोपियों से हथियारों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क को लेकर पूछताछ जारी है, शुरूआती पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ये हथियार दो तीन साल पहले लोगों पर धाक जमाने के लिए ख़रीदे थे।
डीसीपी, क्राइम ब्रांच राजेश कुमार त्रिपाठी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इंदौर क्राइम ब्रांच को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शादाब नाम का युवक अवैध पिस्तौल लेकर दस्तूर डिलाइट गार्डन के पीछे खाली मैदान में घूम रहा है। सूचना पर क्राइम ब्रांच की टीम ने घेराबंदी कर शादाब खान निवासी न्यू आजाद नगर को गिरफ्तार कर लिया ।
स्कूटी की डिग्गी की तलाशी में मिले 4 अवैध हथियार
पूछताछ में उसने अपने साथी आरिफ खान के स्कूटी में हथियार रखे होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने आरिफ खान निवासी आजाद नगर को सुजुकी एक्सेस स्कूटी सहित पकड़ लिया। स्कूटी की डिग्गी की तलाशी लेने पर तीन देशी पिस्तौल, एक देशी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। वैध लाइसेंस नहीं मिलने पर दोनों आरोपियों के खिलाफ आजाद नगर थाने में आर्म्स एक्ट की धाराओं 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आर्थिक तंगी के कारण बेचने की कर रहे थे कोशिश
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ये हथियार दो-तीन साल पहले खरीदे थे वो इनके जरिये लोगों पर धाक जमाना चाहते थे लेकिन अब आर्थिक तंगी के कारण इन्हें बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। पुलिस ने बताया कि शुरूआती जानकारी में इन अवैध हथियारों से कोई अपराध करना सामने नहीं आया है दोनों आरोपी ज्यादा पढ़े लिखे नहीं हैं, पुलिस अब हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क और अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट






