MP Breaking News

इंदौर पुलिस का एक्शन, 1.38 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का फरार आरोपी गुजरात से गिरफ्तार, खंगाले जा रहे पुराने रिकॉर्ड

इंदौर के विजयनगर थाना पुलिस ने 1.38 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में करीब दो साल से फरार आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर प्रॉपर्टी ब्रोकर बनकर जमीन दिलाने के नाम पर ठगी करने का आरोप है।
Indore News

इंदौर: मध्यप्रदेश में धोखाधड़ी के मामलों पर पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी बीच, इंदौर में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना विजयनगर पुलिस ने करीब 1 करोड़ 38 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में करीब दो साल से फरार चल रहे आरोपी राजेश जैन को गुजरात से गिरफ्तार किया है। साथ ही आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी ने बांसवाड़ा में जमीन दिलाने के नाम पर ब्रोकर के माध्यम से फरियादी से कुल 1,38,13,750 रुपये की राशि प्राप्त की और बाद में उसका गबन कर लिया। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गुजरात के थाना किशनगंज क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।

आरोपी प्रॉपर्टी ब्रोकर बनकर लोगों से करता था धोखाधड़ी

फरार आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए एसीपी विजयनगर पराग सैनी ने बताया कि थाना विजयनगर में धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया गया था जिसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था। उन्होंने बताया कि आरोपी खुद को प्रॉपर्टी ब्रोकर बताकर लोगों से धोखाधड़ी करता था और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो जाता था। दर्ज मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

राजस्थान निवासी आरोपी गुजरात से गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपी को लेकर पुलिस अधिकारी ने बताया कि पहले भी उसके खिलाफ एक शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। अब पुलिस आरोपी का विस्तृत आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है। पकड़ा गया आरोपी राजस्थान का निवासी है जिसे पुलिस ने गुजरात से गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस द्वारा राजस्थान और गुजरात दोनों राज्यों से आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है ताकि उसके पूर्व के मामलों का पता लगाया जा सके।

इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews
इंदौर पुलिस का एक्शन, 1.38 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का फरार आरोपी गुजरात से गिरफ्तार, खंगाले जा रहे पुराने रिकॉर्ड - MP Breaking News