देशभर में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पुलिस की सख्ती के बावजूद साइबर ठग नए-नए हथकंडे अपनाकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं और लाखों-करोड़ों रुपये की चपत लगा रहे हैं। ताजा मामला मध्यप्रदेश के इंदौर से सामने आया है जहां ऑनलाइन शॉपिंग साइट का कस्टमर केयर नंबर गूगल पर सर्च करना एक महिला को भारी पड़ गया।
बता दें कि पूरा मामला इंदौर के कनाड़िया थाना अंतर्गत का है। जहां फर्जी कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव ने महिला को अपनी बातों में उलझाकर उसके क्रेडिट कार्ड की जानकारी हासिल कर ली और खाते से 2 लाख 50 हजार रुपये से अधिक की राशि निकाल ली। मामले में कनाड़िया थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऑर्डर कैंसिल होने के बाद रिफंड के चक्कर में फंसी महिला
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने पूरे मामले की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई है कि उन्होंने अमेजन ऐप से कुछ सामान ऑर्डर किया था। ऑर्डर कैंसिल होने के बाद रिफंड की जानकारी लेने के लिए पीड़िता ने गूगल पर अमेजन कस्टमर केयर का नंबर सर्च कर कॉल किया। फोन रिसीव करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने खुद को अमेजन का कर्मचारी बताया और अपनी बातों में उलझाकर पीड़िता से उसके क्रेडिट कार्ड की गोपनीय जानकारी हासिल कर ली।
क्रेडिट कार्ड से 2.50 लाख से ज्यादा की ठगी
इसके बाद शातिर ठग ने पीड़िता को अपनी बातों में उलझाए रखा और उनके क्रेडिट कार्ड से 2 लाख 50 हजार रुपये से अधिक के फर्जी ट्रांजेक्शन कर लिए। जब पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने तत्काल ही बैंक को कॉल कर अपना कार्ड ब्लॉक कराया।
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि ठगों ने पीड़िता का मोबाइल हैक कर कॉल डायवर्ट कर दी थी। इसके बाद पीड़िता ने 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर कनाड़िया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट





