Hindi News

इंदौर के पिज्जा रेस्टोरेंट में गंदगी का खुलासा, कॉकरोच और खराब तेल मिलने से मचा हड़कंप

Written by:Bhawna Choubey
Published:
इंदौर के जेमिनी मॉल स्थित पिज्जा रेस्टोरेंट में खाद्य विभाग की छापेमारी में भारी गंदगी, कॉकरोच और खराब तेल मिला। बिना ढके खाना और नियमों की अनदेखी पर नोटिस जारी किया गया है।
इंदौर के पिज्जा रेस्टोरेंट में गंदगी का खुलासा, कॉकरोच और खराब तेल मिलने से मचा हड़कंप

इंदौर के सी-21 मॉल के सामने जेमिनी मॉल स्थित हेडली पिज्जा रेस्टोरेंट में खाद्य विभाग की टीम ने अचानक जांच की, जहां किचन से लेकर स्टोरेज तक गंदगी का भारी अंबार मिला। फ्रिज खोलते ही अंदर कॉकरोच रेंगते नजर आए और फर्श पर भी गंदगी फैली हुई थी, जिससे पूरे रेस्टोरेंट की साफ-सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।

बिना ढके खाना और खराब तेल ने बढ़ाई चिंता

निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि रेस्टोरेंट में तैयार किया जा रहा खाना बिना ढके रखा जाता था और खाने में इस्तेमाल किया जाने वाला तेल पूरी तरह जला हुआ और काला पाया गया। खुले डस्टबिन और अस्वच्छ माहौल ने यह साफ कर दिया कि यहां खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी लंबे समय से हो रही थी, जिससे ग्राहकों के स्वास्थ्य पर खतरा बना हुआ था।

दस्तावेजों और नियमों की भारी कमी

जांच में यह भी पता चला कि कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र मौजूद नहीं थे, पेस्ट कंट्रोल का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला और पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं कराई गई थी। इसके अलावा बिना बैच नंबर और पैकिंग डेट वाला नमक भी उपयोग में लिया जा रहा था, जो खाद्य सुरक्षा मानकों का सीधा उल्लंघन है।

प्रशासन की कार्रवाई और सख्त चेतावनी

खाद्य विभाग ने मौके से पनीर, दही, जले हुए तेल और नमक के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं और रेस्टोरेंट को नोटिस जारी किया जा रहा है। अधिकारियों ने साफ किया है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई भी की जाएगी, जबकि कलेक्टर ने कहा है कि स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
मुझे लगता है कि कलम में बहुत ताकत होती है और खबरें हमेशा सच सामने लाती हैं। इसी सच्चाई को सीखने और समझने के लिए मैं रोज़ाना पत्रकारिता के नए पहलुओं को सीखती हूँ। View all posts by Bhawna Choubey
Follow Us :GoogleNews