
इंदौर: दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में खरीदारी की रौनक बढ़ने लगी है। त्योहार के मद्देनजर इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर एडवाइजरी जारी कर नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस ने आदेश जारी किया है कि कार्बाइड गन, कार्बाइड लैंप और तमाम प्रतिबंधित पटाखों के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। पुलिस ने चेतावनी देते हुये कहा कि आदेश का उल्लंघन करने वालों पर सीधी एफआईबार दर्ज की जाएगी।
बता दें कि दीपावली त्योहार को लेकर हादसों और सुरक्षा संबंधी खतरों को रोकने के लिए इंदौर पुलिस कमिश्नरेट पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या प्रतिबंधित सामग्रियों का उपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसके अलावा, पुलिस ने विशेष रूप से कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप के इस्तेमाल पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। साथ ही पुलिस ने सभी प्रतिबंधित विस्फोटक का इस्तमाल ना करने की हिदायत भी दी है।

दीपावाली त्योहार को लेकर इंदौर पुलिस सख्त
दीपावली त्योहार पर सुरक्षा व्यवस्था कैसी होने वाली है इसको लेकर एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने मीडिया को विस्तार से जानकारी दी है। राजेश दंडोतिया ने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति या दुकानदार इन नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस तत्काल प्रभाव से संबंधित आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज केस दर्ज करेगी। जिसके तहत उन्हें जेल की हवा भी खानी पड़ सकती है।
मामले की जानकारी देते हुए एडिशनल डीसीपी ने नागरिकों और विशेषकर अभिभावकों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें, बच्चों को खतरनाक कार्बाइड गन के इस्तेमाल से दूर रखें और पूरी तरह सुरक्षित तरीके से हर्षोल्लास के साथ दीपोत्सव मनाएं।
इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट
