इंदौर के सरकारी सुपर स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल में मंगलवार शाम करीब 7 बजे 60 वर्षीय ताहिरा कपाड़िया की मौत के बाद ICU में हंगामा हो गया। दरअसल परिजनों ने डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ से विवाद शुरू कर दिया। मामला बढ़ने पर एक युवक ने ICU में रखे जीवन रक्षक उपकरण उठाकर फेंक दिए, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
घटना अस्पताल की छठी मंजिल स्थित ICU में हुई। अचानक हुए हंगामे से वहां भर्ती दूसरे मरीज और उनके परिजन भी घबरा गए। हालात बिगड़ने पर डॉक्टर, नर्स और पैरा मेडिकल स्टाफ अपनी सुरक्षा के लिए ICU से बाहर निकल गए। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
ICU में तोड़फोड़ के बाद अस्पताल में बढ़ा तनाव
दरअसल हंगामे के बाद काफी देर तक ताहिरा कपाड़िया का शव ICU में ही रहा। इस दौरान पुलिस, डॉक्टरों और परिजनों के बीच बातचीत चलती रही। मारपीट की घटना के बाद मेडिकल स्टाफ ने ICU में वापस जाने से इनकार कर दिया। अस्पताल के सुपरिटेंडेंट डॉ. डीके शर्मा भी शुरुआत में ICU में नहीं गए। बाद में बातचीत के बाद यह तय हुआ कि पुलिस की मौजूदगी में पांच परिजन डॉक्टरों के साथ ICU में जाएंगे। इस दौरान अस्पताल की सुरक्षा बढ़ा दी गई। सिक्योरिटी स्टाफ ने अस्पताल के मुख्य गेट पर मीडिया को रोक दिया और ICU के अंदर वीडियो बनाने की अनुमति नहीं दी। ICU के कांच पर कागज भी लगा दिए गए।
अस्पताल के अनुसार ताहिरा कपाड़िया पहले से गंभीर हालत में भर्ती थीं। उनका इलाज डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा था। मंगलवार शाम उनकी मौत की जानकारी मिलने के बाद परिजन नाराज हो गए और इलाज को लेकर सवाल उठाने लगे। इसी दौरान विवाद बढ़कर मारपीट और तोड़फोड़ तक पहुंच गया।
इलाज को लेकर लगाए आरोप
वहीं मृतक महिला के बेटे मोईज ने बताया कि उनकी मां को रविवार को दिल की परेशानी के कारण एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां डॉक्टरों ने हार्ट में ब्लॉकेज बताया और उन्हें ऑपरेशन के लिए सुपर स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल भेजा गया। परिवार के मुताबिक डॉक्टरों ने स्टेंट डालने की बात कही थी। मोईज ने बताया कि मंगलवार शाम उनकी मां को ऑपरेशन के लिए ले जाया गया था। उनके अनुसार ऑपरेशन थिएटर में करीब 20 मिनट बाद डॉक्टर बाहर आए और इमरजेंसी होने की जानकारी देकर चले गए। उन्होंने दावा किया कि उस समय उनकी मां की सांसें चल रही थीं और बाद में नर्सिंग स्टाफ के दो कर्मचारियों ने उन्हें CPR दिया, लेकिन कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई।






