इंदौर में बाइक के मोडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज और कर्कश आवाज के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। मंगलवार को विजयनगर क्षेत्र में पुलिस ने जब्त किए गए 1000 से ज्यादा मोडिफाइड साइलेंसर पर रोड रोलर चलाकर उन्हें नष्ट कर दिया। इन साइलेंसर से बाइक चलने पर कई बार गोली या पटाखे जैसी तेज आवाज निकलती थी, जिससे आम लोगों को परेशानी होती थी।
पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान यातायात के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जिम्मेदार नागरिकों ने भी पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। लोगों का कहना है कि इन साइलेंसर की आवाज से बुजुर्ग, बच्चे और मरीज सबसे ज्यादा परेशान होते हैं। कई बार रात में अचानक तेज आवाज से लोगों की नींद तक टूट जाती है।
मोडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ लगातार चेकिंग
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन और डीएसपी यातायात/क्राइम राजेश कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में शहर में मोडिफाइड साइलेंसर और हूटर के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस की अलग-अलग टीमों ने पिछले महीने से शहर के प्रमुख चौराहों और मुख्य सड़कों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान तेज और कर्कश आवाज निकालने वाले वाहनों को रोककर जांच की गई।
1000 से ज्यादा साइलेंसर पर चला रोड रोलर
लगातार कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए 1000 से ज्यादा मोडिफाइड साइलेंसर को मंगलवार को नष्ट किया गया। विजयनगर क्षेत्र में डीसीपी यातायात और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में इन सभी साइलेंसर पर रोड रोलर चलाया गया।
रोड रोलर चलने के बाद साइलेंसर पूरी तरह टूट गए। पुलिस का कहना है कि जब्त किए गए इन साइलेंसर को दोबारा वाहनों में इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। इस कार्रवाई का उद्देश्य ऐसे लोगों को साफ संदेश देना है, जो बाइक में तेज आवाज के लिए कंपनी के मूल साइलेंसर की जगह मॉडिफाइड साइलेंसर लगाते हैं।
गोली और पटाखे जैसी आवाज से परेशान थे लोग
शहर में कई लोग लंबे समय से मोडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज को लेकर परेशान हैं। जिम्मेदार नागरिकों ने बताया कि कुछ बाइक के साइलेंसर से अचानक इतनी तेज आवाज निकलती है कि वह गोली या पटाखे जैसी लगती है।
खासकर रात के समय ऐसी आवाज से आसपास रहने वाले लोगों की नींद टूट जाती है। बुजुर्गों, छोटे बच्चों और बीमार लोगों को भी परेशानी होती है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक तेज और कर्कश आवाज सिर्फ ध्वनि प्रदूषण नहीं बढ़ाती, बल्कि लोगों में डर और परेशानी भी पैदा करती है।
पुलिस बोली- कार्रवाई आगे भी रहेगी जारी
डीसीपी यातायात राजेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि नियमों के खिलाफ तेज और कर्कश आवाज वाले साइलेंसर लगाने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि मोडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है। इसका असर आम लोगों के साथ बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों पर भी पड़ सकता है।






