बालगृह से निकलने वाले बच्चों के लिए अनूठी मुहिम, फ्लाइट@18 एमपी कैफे का शुभारंभ

बालगृह से निकलने वाले बच्चों के लिए अनूठी मुहिम, फ्लाइट@18 एमपी कैफे का शुभारंभ

इंदौर, आकाश धोलपुरे। इंदौर में आज से एक अनूठी मुहिम की शुरुआत हुई है जो अब न सिर्फ प्रदेश के लिए बल्कि देश के लिए एक मिसाल के रूप में कायम होगी। दरअसल, महिला एवं बाल विकास विभाग मध्यप्रदेश की समेकित बाल संरक्षण योजना के तहत 18 साल के बाद, बालगृह से निकल कर समाज की मुख्यधारा में शामिल होने वाले बच्चों के लिए शुरू किए गए “फ्लाइट@18 एमपी” कैफ़े का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर, सांसद शंकर लालवानी, ज्वाइंट डायरेक्टर डायरेक्टरेट डब्ल्यूसीडी भोपाल डॉ. विशाल नाडकर्णी और संयुक्त संचालक डॉ. संध्या व्यास मौजूद रहे।

“फ्लाइट@18 एमपी” कैफ़े के जरिये अनाथालय में रहने वाले उन बालक व बालिकाओं को उनके युवा काल में बेहतर करियर उपलब्ध कराने की व्यवस्था हो सकेगी। कैफे की सहायता से उन्हें एक निश्चित उम्र में ही जीवन के वास्तविक करियर के पड़ाव के हर कार्य के लिए तैयार किया जाएगा। इस अवसर पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री उषा ठाकुर ने कहा कि वो इंदौर सांसद के माध्यम से केंद्र सरकार से अनुरोध करती हैं कि ऐसे बच्चों के जाति प्रमाण पत्र के लिए भी व्यवस्था लागू करे ताकि उनके करियर में कोई अड़चन न आये। वहीं इंदौर सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि यह कैफे आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ता हुआ कदम है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है।

आयोजन के बाद मीडिया से चर्चा के दौरान राम मंदिर निर्माण के लिए निकाली जा रही रैलियों पर हो रहे पथराव पर मंत्री उषा ठाकुर ने कहा कि जो लोग धार्मिक हिंसा भड़काने का प्रयास करेंगे उन पर सरकार कार्रवाई करेगी और संविधान के तहत उन पर कार्रवाई भी होनी चाहिए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जल्द ही जानापाव धार्मिक पर्यटन का केंद्र बनेगा और टंट्या मामा के स्थल को भी विकसित किया जाएगा। वहीं मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर किये गए सवाल पर मंत्री उषा ठाकुर ने गेंद संगठन के पाले में डाल दी। कांग्रेस द्वारा इस संबंध में उठाये जा रहे सवाल पर उषा ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को प्रदेश की जनता ने घर बैठा दिया है। कांग्रेस पार्टी कुछ कहने लायक बची नही है, अब उसे घर बैठकर ठंडे दिमाग से आत्मचिंतन करना चाहिए और समाज की सेवा के काम करना चाहिए।

इधर, पर्यटन स्थल हनुवंतिया में हो रहे जल महोत्सव में आने-जाने वाले पर्यटकों की सुविधाओं के लिए मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन निगम के क्षेत्रीय कार्यालय इंदौर से प्रतिदिन बस सेवा का जिक्र करते हुए मंत्री उषा ठाकुर ने कहा कि बस के जरिये इंदौर से लोग आसानी से एक ही दिन जाकर आ सकेंगे। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews