MP में एक सड़क ऐसी भी जहां बैठकर खा सकते हैं खाना, लोगों ने की टिफिन पार्टी

MP में एक सड़क ऐसी भी जहां बैठकर खा सकते हैं खाना, लोगों ने की टिफिन पार्टी

इंदौर| प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में एक सड़क ऐसी भी है जहां लोग सड़क पर बैठकर भोजन का लुत्फ ले सकते हैं। ग्रेटर कैलाश रोड के रूप में लगभग सात करोड़ की लागत से ये आदर्श सड़क तैयार हुई है। इस आदर्श सड़क पर आज विशेष टिफिन पार्टी का आयोजन हुआ। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन व क्रिसमस के मौके पर सैकड़ो लोग घर से टिफिन लेकर टिफिन पार्टी में पहुँचे और परिवार व दोस्तों के साथ बैठकर खाना खाया।

इस स्पेशल टिफिन पार्टी के लिए पूरे शहर को न्योता दिया गया था। इसके चलते लोग टिफिन लेकर पहुचे और सड़क किनारे साथ बैठकर खाना खाया। ये पहल एमआईसी सदस्य दिलीप शर्मा ने की थी। इस रोड के निर्माण पर लगभग 7 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। आयोजन में हिस्सेदार बनने पहुंचे भाजपा विधायक महेंद्र हार्डिया ने कहा कि इस सड़क को सबसे खूबसूरत बनाया गया है। लगभग एक किमी रोड पर 10 नए सेल्फी पॉइंट बन गए हैं। यह आयोजन लोगों को मॉडल रोड़ दिखाने के लिए किया गया था। सड़क का औपचारिक उद्घाटन आगामी 3 जनवरी को होगा जिसमे पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहानऔर लोक निर्माण मंत्री सज्जन सिंह वर्मा मौजूद रह सकते है। 

विधायक हार्डिया ने बताया कि पूर्व सीएम ने कई मौकों पर कहा था कि इंदौर में एक ऐसी सड़क हो जिस पर बैठकर खाना खाया जा सके है और इसी बात को एक लक्ष्य के रूप में क्षेत्रीय पार्षद दिलीप शर्मा ने ले लिया था और आज वो सपना साकार हो गया है। वहीं आयोजन में टिफिन लेकर पहुंची महिलाओं का कहना था कि शहर में अब तक किसी गार्डन या मैदान में टिफिन पार्टी का आयोजन होता है लेकिन शहर की आदर्श सड़क इतनी साफ और सुंदर है कि यहां सड़क पर बैठकर खाना खाने में भी कोई दिक्कत नहीं है। स्वच्छता में हैट्रिक लगाने वाली आर्थिक राजधानी इंदौर की ही जनता हर समय कुछ ऐसा करने को आतुर रहती है कि मिनी मुंबई देश के सामने एक उदाहरण बनकर उभरे।

सड़क पर कई सुविधाएं 

7 करोड़ रुपए से बनी इस सड़क पर आकर्षक प्रकाश व्यवस्था के साथ ही फव्वारे, डिवाइडर, फुटपाथ व सेल्फी प्वॉइंट भी बनाए गए हैं। इसके अलावा सुरक्षा की दृष्टि से पूरी सड़क पर सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। फुटपाथ पर स्टेनलेस स्टील से बने सेंसरलैस डस्टबिन लगाने के साथ ही कैनोपी व साइकिल ट्रैक भी बनाया गया है।

Mp Breaking News
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews