अबू धाबी की प्रमुख एयरलाइन एतिहाद एयरवेज ने अपने बोइंग 787 विमानों को लेकर सुरक्षा से जुड़ा बड़ा कदम उठाया है। यह फैसला हाल ही में भारत की एयर इंडिया की फ्लाइट AI 171 के हादसे की शुरुआती जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद लिया गया है। रिपोर्ट में आशंका जताई गई थी कि फ्यूल कंट्रोल स्विच के लॉक में गड़बड़ी से इंजन बंद हो सकता है।
पायलटों को दिया गया सावधानी से काम लेने का निर्देश
एतिहाद एयरवेज ने 12 जुलाई को एक आधिकारिक नोटिस जारी किया है, जिसमें पायलटों से कहा गया है कि फ्यूल कंट्रोल स्विच और उसके आसपास के किसी भी स्विच को बेहद सावधानी से ऑपरेट करें। साथ ही यह भी कहा गया है कि कॉकपिट में स्विचों के पास कोई भी वस्तु, जैसे बैग, बोतल या कागज़ न रखें जिससे गलती से बटन दबने का खतरा बढ़े। पायलटों को निर्देश है कि यदि किसी भी तरह की तकनीकी गड़बड़ी नजर आती है तो उसकी रिपोर्ट तुरंत संबंधित तकनीकी विभाग को दी जाए।
इंजीनियरों को कहा गया– हर सिस्टम की जांच करो
सिर्फ पायलटों को ही नहीं, बल्कि एतिहाद एयरवेज ने अपने इंजीनियरिंग विभाग को भी अलर्ट कर दिया है। बोइंग 787 विमानों के फ्यूल कंट्रोल स्विच के लॉकिंग मैकेनिज्म की जांच करने का आदेश दिया गया है। यदि किसी विमान में कोई तकनीकी गड़बड़ी या ढीलापन पाया जाता है तो उसमें इस्तेमाल हो रहे थ्रस्ट कंट्रोल मॉड्यूल को भी बदला जाएगा। यह हिस्सा इंजन को कंट्रोल करने में अहम भूमिका निभाता है।
FAA के पुराने अलर्ट ने बढ़ाई चिंता
AI 171 की घटना के बाद अमेरिकी एविएशन एजेंसी FAA ने एयरलाइनों को 2018 में जारी किए गए एक पुराने सेफ्टी अलर्ट की फिर से याद दिलाई है। इस अलर्ट में साफ किया गया था कि बोइंग 787 के फ्यूल कंट्रोल स्विच का लॉक कभी-कभी अनजाने में खुल सकता है, जिससे इंजन में रुकावट आ सकती है। इस अलर्ट को एक बार फिर गंभीरता से लिया जा रहा है और दुनियाभर की कई एयरलाइंस ने अपने स्तर पर सुरक्षा जांच शुरू कर दी है।
एतिहाद ने कहा– सुरक्षा है हमारी प्राथमिकता
एयरलाइन ने बयान जारी कर कहा है कि AI 171 फ्लाइट की जांच अभी पूरी नहीं हुई है, लेकिन एहतियातन हम जरूरी कदम उठा रहे हैं। हमारे लिए यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। एतिहाद एयरवेज का साफ कहना है कि सभी पायलट अपने कार्य के दौरान हर स्विच को समझदारी से चलाएं और इंजीनियर यह सुनिश्चित करें कि **हर तकनीकी सिस्टम ठीक से काम कर रहा हो।





