Hindi News

बांग्लादेश में BNP प्रमुख तारिक रहमान आज प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे, भारत से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे शामिल

Written by:Rishabh Namdev
Published:
बांग्लादेश के 13वें संसदीय चुनाव में BNP की जीत के बाद पार्टी प्रमुख तारिक रहमान मंगलवार 17 फरवरी को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह संसद परिसर के साउथ प्लाजा में आयोजित किया जाएगा जिसमें भारत की ओर से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शामिल होंगे।
बांग्लादेश में BNP प्रमुख तारिक रहमान आज प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे, भारत से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे शामिल

बांग्लादेश में आज मंगलवार 17 फरवरी को नई सरकार का गठन होने जा रहा है। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के मुखिया तारिक रहमान प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे और देश के सबसे युवा पुरुष प्रधानमंत्री बन जाएंगे। 13वें संसदीय चुनाव में BNP ने 297 सीटों में से 209 सीटों पर जबरदस्त जीत दर्ज की थी।

शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत मंगलवार सुबह 10 बजे होगी। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन शाम करीब 4 बजे संसद के साउथ प्लाजा में नई कैबिनेट को शपथ दिलाएंगे। चीफ इलेक्शन कमिश्नर पहले नए सांसदों को शपथ दिलाएंगे।

परंपरा तोड़कर संसद परिसर में होगा शपथ ग्रहण

तारिक रहमान ने लंबे समय से चली आ रही परंपरा को तोड़ते हुए अपना शपथ ग्रहण समारोह बंगभवन के बजाय संसद परिसर के साउथ प्लाजा में आयोजित करने का फैसला किया है। संसद सचिवालय में शाम चार बजे नये मंत्रिमंडल सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह होगा। शपथ ग्रहण से एक दिन पहले यानी 16 फरवरी को मोहम्मद यूनुस ने अंतरिम सरकार से इस्तीफा दे दिया था।

चुनाव परिणामों में जमात-ए-इस्लामी को 68 सीटों पर जीत मिली थी। शेख हसीना की अवामी लीग पर चुनाव लड़ने की रोक लगाई गई थी।

भारत की ओर से ओम बिरला होंगे शामिल

बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए भारत को भी न्योता मिला है। हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए बांग्लादेश नहीं जाएंगे। भारत का प्रतिनिधित्व लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे।

सूत्रों के अनुसार, विदेश सचिव विक्रम मिसरी और लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह भी बिरला के साथ इस समारोह में मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारिक रहमान को चुनाव में मिली जीत के बाद बधाई दी थी और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई थी।

भारत के साथ रिश्ते सुधारने पर जोर

BNP के सेक्रेटरी जनरल मिर्ज़ा फ़ख़रुल इस्लाम आलमगीर ने कहा कि BNP बांग्लादेश के हितों को पूरा करने वाले प्रोजेक्ट्स को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने भारत के साथ विकास साझेदारी को गहरा करने की इच्छा जताई।

“शेख हसीना को बांग्लादेश को न सौंपना ट्रेड और कमर्शियल रिश्तों सहित बड़े रिश्ते बनाने में रुकावट नहीं डालेगा। हम और भी बेहतर रिश्ते बनाना चाहते हैं।” — मिर्ज़ा फ़ख़रुल इस्लाम आलमगीर

आलमगीर के बयान से भारत और बांग्लादेश के बीच रिश्तों के दोबारा पटरी पर लौटने की उम्मीद जगी है। यह संकेत दिया गया है कि नई सरकार भारत के साथ डेवलपमेंट पार्टनरशिप को प्राथमिकता देगी।

यूनुस की संपत्ति में 11 फीसदी की बढ़ोतरी

बांग्लादेश में मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार के मंत्रियों की संपत्ति में इजाफा देखने को मिला है। सरकार के मुखिया यूनुस की संपत्ति में एक साल में लगभग 11 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यूनुस की संपत्ति अब कुल साढ़े 12 करोड़ रुपए हो गई है, जिसमें लगभग 1 करोड़ 30 लाख रुपए का इजाफा हुआ है। इस बीच, यूनुस अब फिर से पेरिस में बसने की तैयारी में हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews