जापान फिर भूकंप के झटकों से दहला, 7.5 मापी गई तीव्रता, 40 सेंटीमीटर तक की सुनामी की लहरें उठी

एक बार फिर जापान भूकंप के झटकों से हिल गया। इस बार आए भूकंप की तीव्रता 7.5 रही, जिसके चलते घरों की दीवारों में दरारें आ गईं, रास्ते ढह गए और कई लोग इस भूकंप से घायल हो गए। प्रधानमंत्री की ओर से नुकसान के आकलन के लिए एक कार्य दल बना दिया गया है।
भूकंप

बीती रात जापान में भयानक भूकंप ने सभी को दहला दिया। जापान में स्थानीय समय अनुसार रात 11:15 पर शक्तिशाली भूकंप आया। इस भूकंप की तीव्रता 7.5 मापी गई। यह भूकंप जापान के आओमोरी प्रांत के पास आया है। जापान की मौसम विभाग एजेंसी द्वारा इस भूकंप के बाद आओमोरी तट और होक्काइदो तट के लिए सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई। रिपोर्ट के मुताबिक सुनामी की लहरें उठना भी शुरू हो गई हैं। फिलहाल 40 सेंटीमीटर तक की सुनामी की लहरें उठ रही हैं।

वहीं एजेंसी की ओर से चेतावनी जारी की गई है कि भूकंप के चलते जापान के उत्तर-पूर्वी तटों पर सुनामी की ऊंची लहरें पहुंच सकती हैं। यह लहरें 3 मीटर तक उठ सकती हैं। जापान के तट से 70 किलोमीटर दूर समुद्र में 50 किलोमीटर की गहराई में इसका केंद्र बताया गया है।

2700 घरों में बिजली गुल हो गई

इस भयानक भूकंप ने जापान को काफी प्रभावित कर दिया। दरअसल भूकंप के बाद आओमोरी प्रांत में 2700 घरों में बिजली गुल हो गई, जबकि शहर में दो जगह आग लगने की घटनाएं भी सामने आईं। भूकंप इतना शक्तिशाली था कि आओमोरी ब्रीफ में सड़क धंस गई और इस सड़क के धंसने से तीन लोग घायल हो गए। भूकंप के बाद सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें वायरल होने लगीं। दरअसल 6 की तीव्रता से ऊपर के भूकंप भयानक श्रेणी में आते हैं। ऐसे में जापान में आया यह भूकंप भयानक भूकंप की श्रेणी में था। रिपोर्ट के मुताबिक इस भूकंप में अब तक कुल 23 लोग घायल हुए हैं। हालांकि इस भूकंप से किसी की भी मौत की खबर सामने नहीं आई है।

नुकसान के आकलन के लिए एक आपातकालीन कार्य दल बनाया गया

भूकंप के झटके बेहद तेज थे। घर की दीवारें भी इन झटकों से हिल गईं। अधिकांश लोग सामान गिरने से घायल हुए। हालांकि भूकंप की पहले तीव्रता 7.6 मापी गई थी, लेकिन मौसम विज्ञान एजेंसी ने इसे संशोधित कर 7.5 बताया है। इस भूकंप के बाद जापान के प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकार द्वारा तुरंत ही नुकसान के आकलन के लिए एक आपातकालीन कार्य दल बना दिया गया है। सरकार के लिए लोगों की जान बचाना प्राथमिकता है और इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री की ओर से क्षेत्र के निवासियों से स्थानीय नगर पालिकाओं से ताजा अपडेट पर ध्यान देने का आग्रह किया गया है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews