बांग्लादेश चुनाव में जीत के बाद तारिक रहमान की पहली प्रतिक्रिया, जानें भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को लेकर क्या कहा

ढाका में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के चेयरमैन तारिक रहमान ने पहली प्रेस वार्ता में भारत-बांग्लादेश संबंधों पर सवाल टालते हुए कहा कि बांग्लादेश और उसके लोग प्राथमिकता हैं। 299 सीटों में से 212 सीटें जीतकर BNP ने 20 साल बाद सत्ता में वापसी की है।
Tarique Rahman

ढाका में शनिवार को बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के चेयरमैन तारिक रहमान ने अपनी पहली प्रेस वार्ता आयोजित की। इस दौरान भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को लेकर पूछे गए सवालों पर उन्होंने सीधे जवाब देने से परहेज किया। एक पत्रकार ने जब उनसे पूछा कि वह भारत-बांग्लादेश के संबंधों को किस तरह आगे बढ़ाएंगे, तो तारिक ने स्पष्ट उत्तर देने की बजाय कहा कि बांग्लादेश और उसके नागरिक उनकी प्रथम प्राथमिकता हैं।

तारिक रहमान ने कहा कि जो भी बांग्लादेश और उसके लोगों के लिए बेहतर होगा, उसी के अनुरूप विदेश नीति तैयार की जाएगी। भारत-पाकिस्तान और चीन के बीच संतुलन बनाने से जुड़े एक अन्य सवाल पर भी उन्होंने यह कहकर जवाब टाल दिया कि इस सवाल का उत्तर पहले ही दे दिया गया है।

आर्थिक स्थिति और कानून व्यवस्था बड़ी चुनौती

प्रेस वार्ता के दौरान तारिक ने बांग्लादेश की मौजूदा आर्थिक हालत और कानून-व्यवस्था को मुख्य चुनौतियां बताया। उन्होंने कहा कि गुड गवर्नेंस प्रदान करना उनकी प्राथमिकता होगी और इन समस्याओं को सुधारने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

चीन के साथ संबंधों पर उन्होंने कहा कि चीन पहले से ही बांग्लादेश में अनेक विकास परियोजनाओं में सक्रिय रूप से शामिल है। तारिक ने उम्मीद जताई कि भविष्य में दोनों देश मिलकर विकास की दिशा में और बेहतर काम करेंगे।

शेख हसीना के प्रत्यर्पण पर संक्षिप्त जवाब

एक पत्रकार ने 2024 के आंदोलन का जिक्र करते हुए पूछा कि क्या वह भारत में रह रही पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग करेंगे। आंदोलनकारियों की लगातार मांग है कि शेख हसीना को फांसी दी जाए। इस संवेदनशील सवाल पर तारिक ने बेहद संक्षिप्त उत्तर दिया और कहा कि यह लीगल प्रोसेस पर निर्भर करेगा।

तीन दशक बाद पुरुष प्रधानमंत्री

तारिक रहमान 36 साल बाद बांग्लादेश के पहले पुरुष प्रधानमंत्री बनने की ओर बढ़ रहे हैं। पिछले तीन दशकों से बांग्लादेश में उनकी मां खालिदा जिया और आवामी लीग की नेता शेख हसीना का शासन रहा है। इस तरह लंबे अंतराल के बाद देश को पुरुष प्रधानमंत्री मिलने जा रहा है।

BNP ने 299 सदस्यीय सदन में 212 सीटों पर शानदार जीत हासिल करके 20 वर्षों बाद सत्ता में वापसी की है। वहीं इसकी प्रतिद्वंदी जमात-ए-इस्लामी गठबंधन को 76 सीटें मिली हैं। शेख हसीना की आवामी लीग पार्टी पर चुनाव लड़ने का प्रतिबंध होने के कारण वह इस चुनावी प्रक्रिया में भाग नहीं ले सकी थी।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews