जबलपुर में सड़क पर उतरे नाराज किसान, हंगामा कर चार घंटे लगाया जाम

jabalpur news

Jabalpur News : जबलपुर में धान खरीदी को लेकर किसानों ने वेयर हाउस एसोसिएशन के साथ मिलकर मोर्चा खोल दिया और माढ़ोताल थाने के पास हाइवे मार्ग पर घंटों तक चक्का जाम कर दिया जिससे की जबलपुर के मुख्य बस स्टैंड से लेकर कटंगी और पाटन बायपास तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई घण्टों की समझाइश के बाद किसान माने और प्रदर्शन खत्म किया।

क्या है पूरा मामला

दरअसल जबलपुर में धान खरीदी मामले में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया था जिसमें जांच के लिए भोपाल से 20 सदस्यीय टीम जबलपुर आई और पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की थी। जांच टीम की रिपोर्ट के बाद जिला आपूर्ति नियंत्रक अधिकारी, जिला विपणन अधिकारी, वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन के रीजनल मैनेजर सहित चार शाखा प्रबंधकों को निलंबित किया गया था, इसके साथ ही प्रशासन ने 36 वेयर हाउसों को ब्लैक लिस्ट कर दिया था।

jabalpur news

ब्लैक लिस्ट हुए वेयर हाउसों में शासन की बिना अनुमति के धान खरीदी हुई थी और हजारों क्विंटल धान का स्टॉक भी कर लिया गया था और अब प्रशासन ने नए खरीदी केंद्र निर्धारित कर किसानों की धान खरीदने की तैयारी की है और इसी बात से नाराज किसानों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सड़क जाम कर दिया और यह मांग करने लगे की हमारी धान की उपज जहां पर रखी है उसे वहीं से खरीदा जाए। तीन से चार घंटे तक चले हंगामे के बाद प्रशासन की समझाइश पर किसानों और वेयर हाउस एसोसिएशन के लोगों ने दो दिनों का अल्टीमेटम देते हुए धरना समाप्त किया।
जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews